अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि विधानसभा चुनाव अभी शुरू हुआ है और विरोधी कन्फयूज हो गए। उन्हें समझ ही नहीं आ रहा कि चुनाव अभियान कहां से शुरू करें। पूर्व से करें या पश्चिम से। अगर ऐसे हालात हैं तो चुनाव क्या खाक जीतेंगे। भाजपा इस बार फिर सरकार बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
अमित शाह ने अपने संबोधन में रणदीप सुरजेवाला को भी निशाने पर लिया। शाह ने कहा कि पीएम मोदी कुछ भी करते हैं तो सुरजेवाला के पेट में दर्द हो जाता है। पूरी कांग्रेस को मिर्ची लग जाती है। वे बताएं कि उन्होंने या उनकी पार्टी ने आज तक देश की और हरियाणा की जनता के लिए क्या किया।
अमित शाह ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार की उपलब्धियों को भी गिनाया। शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक कराई। तीन तलाक बिल पास किया। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई शुरू की। बेटी बचाओ का नारा दिया। जन-जन तक योजनाएं पहुंचाई, कांग्रेस ने आज तक कौन-सा काम किया।
अमित शाह ने कहा कि हरियाणा में मनोहर सरकार ने पांच साल राज किया और इस दौरान कई बड़े बदलाव हुए। मनोहर सरकार की कोई जाति नहीं है। चौटाला राज में गुंडागर्दी थी, हुड्डा राज में भ्रष्टाचार था। मनोहर राज में न गुंडाराज और न भ्रष्टाचार है। नौकरियों के लिए लगने वाला बाजार भी बीते जमाने की बात हो गई।
अमित शाह ने कहा कि हरियाणा की जनता ने भाजपा को सरकार बनाने का मौका दिया और भाजपा ने भी अपने वादों को पूरा किया। नौकरियों में भ्रष्टाचार खत्म किया। लिंग अनुपात सुधारने के लिए काम किया। अब जाति के आधार पर काम नहीं होते। भाजपा की सरकार आम आदमी की सरकार है।