आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने उन भाजपा मंत्रियों और विधायकों पर तंज कसा है, जिन्हें इस बार टिकट नहीं मिला या कटा गया। उन्होंने कहा कि अब वे टिक-टॉक पर पांच साल गाना गाएं और अगली बार टिकट पाएं। पिछले पांच साल में घोषणा पत्र में किए गए एक भी वादे को पूरा नहीं किया गया।
भाजपा घोषणा पत्र को छिपा रही है, क्योंकि घोषणा पत्र के आधार पर कोई काम नहीं किया गया है। जयहिंद प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। बकौल जयहिंद, भाजपा ने दूसरे दलों से आए नेताओं को टिकट दी और अपने मंत्रियों, विधायकों के टिकट काट दिए।
भाजपा के पास 90 हलकों में उम्मीदवार तक नहीं थे, दूसरे दलों से नेताओं को शामिल कर उन्हें चुनाव मैदान में उतारा है। आम आदमी पार्टी 46 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने जमीनी स्तर पर जुड़े कार्यकर्ताओं को टिकट दी हैं, जिन्होंने जनता के लिए लाठियां खाई हैं।