हरियाणा के डीजीपी मनोज यादव ने कहा कि समन्वय बैठकों से अंतरराज्यीय बदमाशों की आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने, संगठित अपराध का पता लगाने सहित वास्तविक समय में महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी। उन्होंने अंतरराज्यीय अपराध को रोकने और पता लगाने के लिए सभी स्तर पर पुलिस अधिकारियों के टेलीफोन नंबर साझा करने का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि खूंखार अपराधियों और गैंगस्टर का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग और विदेश में उनके ठिकानों को नाकाम करना एक चुनौती है।
अपराधियों को तुरंत पकड़ने के लिए बनानी होगी संयुक्त प्रणाली : दिनकर
पंजाब के डीजीपी दिनकर गुप्ता ने अंतरराज्यीय बैठक आयोजित करने के लिए डीजीपी हरियाणा का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध से जुड़े अपराधियों को तुरंत पकड़ने के लिए हमें मिलकर सिस्टम बनाना चाहिए। इस दिशा में कार्रवाई के लिए कई संभावित क्षेत्र हैं। वास्तविक समय में जानकारी साझा करने के लिए संयुक्त रणनीति बनानी होगी। इससे दोनों राज्यों सहित चंडीगढ़ पुलिस के साथ समन्वय बढ़ाने में बल मिलेगा। इस रणनीति के आधार पर एक कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उसमें इन प्राथमिकताओं को प्राप्त करने के लिए ठोस उपाय होंगे।