चंडीगढ़। सेक्टर-40 स्थित हार्वी ओवरसीज इमिग्रेशन कंपनी ने अजरबेजान में नौकरी का लालच देकर नेपाल के कई लोगों को चंडीगढ़ बुलाकर 5.80 लाख रुपये ठग लिए। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने कंपनी संचालक सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता मुक्ति पांडे निवासी रोतहर नगरपालिका देवाही गोनाही, थाना शिवनगर, नेपाल ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। उसने फेसबुक पर अजरबेजान में श्रमिकों के लिए एक विज्ञापन देखा। इसमें लिखा था कि रोजगार वीजा मुफ्त, हवाई टिकट आदि दिया जाएगा। उसने अपने साथी राकेश पासवान, संजय कुमार, अनिसा थापा, तुलसी पंडित और सरदा शंकर शाह को भी इस नौकरी के बारे में बताया। उसने विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। इसके बाद कंपनी की निशा ने सभी को दस्तावेज लेकर चंडीगढ़ आफिस में मिलने के लिए बुलाया। वह 20 मई को नेपाल से चंडीगढ़ पहुंचे और सेक्टर-40 स्थित हार्वी ओवरसीज के दफ्तर पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात हरविंदर सिंह, जगदीप, पलमिंदर, निशा, कविता और रीतिका से हुई। हरविंदर सिंह और जगदीप ने बताया कि वह इस कंपनी के मालिक हैं। वह पहले भी लोगों को विदेश भेज चुके हैं। इसके लिए प्रति व्यक्ति 80 हजार रुपये खर्च आएगा। इसमें एयर टिकट, खाना-पीना और वीजा भी शामिल होगा। उन्होंने अलग-अलग किस्तों में 5.80 लाख रुपये दे दिए। इसके कुछ दिन बाद उन सभी को एयर टिकट भेजा गया। जब वे सभी दोस्त दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे तो पता चला कि टिकटें फर्जी हैं। उन्होंने कंपनी के मालिकों को फोन किया तो वे बार-बार दोबारा टिकट देने का झांसा देते रहे। जब वे सेक्टर-40 स्थित दफ्तर पहुंचे तो ताला लटका मिला। पुलिस ने हरविंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।