यमुनानगर। वरयाम सिंह अस्पताल और सिटी मॉल के बाहर हुई फायरिंग मामले में पुलिस रिमांड शुक्रवार को पूरा होने के बाद मुख्य आरोपी हरियाणवीं गायक हर्ष उर्फ विवेक बुबका, अमरिंद्र, साबिर और आदित्य को अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद कोर्ट ने चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
रिमांड के दौरान हर्ष उर्फ विवेक बुबका ने पुलिस को बताया कि उसकी सीधे तौर पर अमेरिकी जेल में बंद गैंगस्टर नोनी राणा से कोई बातचीत नहीं हुई थी। उसका संपर्क यमुनानगर के कार्तिक नामक व्यक्ति के माध्यम से था। पुलिस के अनुसार कार्तिक विदेश में बैठकर नेटवर्क संचालित कर रहा था और निर्देश व संदेश आगे भेजता था।
पुलिस ने बुबका के चंडीगढ़ स्थित फ्लैट पर निशानदेही भी कराई। जांच के दौरान यह पड़ताल की जा रही है कि शूटरों को हथियार और ठिकाना किसके माध्यम से उपलब्ध कराया गया और फंडिंग का स्रोत क्या था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने एक आपराधिक नेटवर्क तैयार कर रखा था, जो विदेश में बैठे गैंगस्टरों के संपर्क में था।
सात फरवारी को जो अस्पताल व मॉल पर फायरिंग हुई थी। हर्ष बुबका ने बदमाशों को वारदात को अंजाम देने के लिए हथियार और पैसे उपलब्ध कराए थे। साथ ही घटना के बाद उन्हें छिपाने के लिए कमरे भी दिलाए थे। इन खुलासों के बाद पुलिस ने सोमवार शाम मोहाली स्थित फ्लैट पर दबिश देकर हर्ष बुबका को गिरफ्तार कर लिया था।
उधर, सीआईए-2 इंचार्ज राकेश कुमार ने बताया कि रिमांड के दौरान जुटाए गए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कार्तिक की भूमिका और उसकी लोकेशन का पता लगाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।