एक दिवसीय मैचों की उत्तरी क्षेत्र अंतर राज्य विजय हजारे ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेने वाली पंजाब टीम का नेतृत्व हरभजन सिंह करेंगे।
टीम में मनन वोहरा, जीवनजोत सिंह, प्रगट सिंह, मनदीप सिंह, युवराज सिंह, तरुवर कोहली, गुरकीरत सिंह मान, गीतांश खेड़ा, राजविंद्र सिंह, गुरिंद्र सिंह, बलतेज सिंह, दीपक बंसल, नवदीप सिंह व अमितोज सिंह शामिल किया गया है। चुने गए खिलाड़ियों का 31 अक्तूबर से पीसीए स्टेडियम मोहाली में प्रशिक्षण शिविर लगाया जाएगा। इस प्रतियोगिता के सभी लीग मैच हिमाचल प्रदेश में होंगे।
तीन खिलाड़ियों पर कार्रवाई
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने उदय कौल, सिद्धार्थ कौल और जितेंद्र बिल्ला के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। एसोसिएशन इन खिलाड़ियों का एक दिवसीय मैचों की विजय हजारे क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए चयन नहीं करेगी।
एसोसिएशन के सचिव एमपी पांडव ने कहा कि अंतर जिला एफसी मित्तल ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता के चंडीगढ़ और मोहाली की टीमों के बीच खेले गए मैच में इन खिलाड़ियों ने मैदान में झगड़ा किया था।
उन्होंने कहा कि मैच के दोनों अंपायरों व मैच रैफरी की रिपोर्ट के बाद तीनों खिलाड़ियों पर कार्रवाई की गई है। जितेंद्र बिल्ला और सिद्धार्थ कौल चंडीगढ़ व उदय कौल मोहाली की टीम की ओर से खेलते हैं।