पांच लाख रुपये रिश्वत मामले में आरोपी मनीमाजरा की पूर्व थाना प्रभारी जसविंदर कौर और बिचौलिये भगवान सिंह के लिखावट (हैंड राइटिंग) सैंपल लेने की सीबीआई को मंजूरी मिल गई है। सीबीआई ने इसके लिए सीबीआई अदालत में याचिका दायर की थी।
गुरुवार को दोनों आरोपी वीडियो कॉल के जरिए अदालत में पेश हुए। दोनों ने अदालत से कहा कि उन्हें सैंपल देने में कोई आपत्ति नहीं है। वह सैंपल देने के लिए तैयार हैं। इसके बाद अदालत ने डीएसपी सीमा पहूजा को बुड़ैल जेल सुपरिंटेंडेंट की मौजूदगी में जसविंदर कौर के हैंड राइटिंग सैंपल लेने की मंजूरी दे दी। भगवान सिंह फिलहाल जमानत पर जेल से बाहर है। शुक्रवार को दोनों के सैंपल लिए जाएंगे।
याद दिला दें कि मनीमाजारा निवासी गुरदीप सिंह ने सीबीआई को शिकायत दी थी कि मनीमाजरा की थाना प्रभारी जसविंदर कौर धोखाधड़ी मामले को सुलझाने के बदले पांच लाख रुपये रिश्वत मांग रही हैं। साथ ही जसविंदर ने उसके खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज करने की धमकी भी दी है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह दो लाख रुपये पहले ही दे चुका है। इसके बाद सीबीआई ने एक लाख रुपये की दूसरी किस्त लेते बिचौलिये भगवान सिंह को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया था।