पंचकूला। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के साथ जाली दस्तावेजों के आधार पर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। सेक्टर-7 थाना पुलिस ने एचएसवीपी के चीफ आईटी ऑफिसर की शिकायत गुरुग्र्राम निवासी निशु अग्रवाल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आईटी ऑफिसर ने दी शिकायत में बताया कि 2021 में एचएसवीपी ने प्लॉट ई-नीलामी की थी। एक महिला ने दो प्लॉट लेने के लिए पंजीकरण कराया और ई-नीलामी में भाग लेने के लिए आधार मूल्य का 5 प्रतिशत भुगतान किया। इस दौरान उसने झूठे दस्तावेज/चालान/ड्राफ्ट बनाए। इन झूठे दस्तावेजों को इलेक्ट्रॉनिक मोड के माध्यम से दोनों प्लॉटों के खिलाफ बड़ी राशि भुगतान के लिए एचएसवीपी के पक्ष में परिवर्तित कर दिया। जब मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया तो महिला को वास्तविक भुगतान के संबंध में दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। महिला ने ईमेल के माध्यम से एचएसवीपी को व्यक्तिगत कारणों से कुछ और समय देने का अनुरोध किया। 9 जनवरी 2023 को महिला एचएसवीपी के कार्यालय पहुंची।
अधिकारियों की भी हो सकती है मिलीभगत
इस दौरान जमा की गई राशि के असल दस्तावेज पेश करने के लिए अनुरोध किया लेकिन वह असली दस्तावेज पेश नहीं कर पाई। ऑफिसर ने दी शिकायत में बताया कि एचएसवीपी के आईटी अधिकारियों की मिलीभगत से लॉगिन/ओटीपी/जानकारी साझा की जा सकती है। इसकी भी जांच की जाएगी। साथ ही पुलिस महिला के अन्य रिकॉर्ड की जांच करेगी।