चंडीगढ़ सेक्टर-18 स्थित गुरु का लंगर आई हॉस्पिटल ने जनसेवा में एक और कदम आगे बढ़ाया है। वीरवार को सेक्टर-45 में तेरा ही तेरा मिशन सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की शुरुआत की गई। इस हॉस्पिटल की खास बात यह होगी कि यहां पर एक ही छत के नीचे डायबिटीज, किडनी, ऑर्थोपेडिक, डिप्रेशन कंसल्टेंसी, यूरोलॉजी और गाइनी के विशेषज्ञ डॉक्टर लोगों को मुफ्त में देखेंगे।
यहां से दवा कितनी भी कीमत की क्यों न हो, केवल 13 रुपये प्रतिदिन के अनुसार मिलेगी। वीरवार को हॉस्पिटल का उद्घाटन डिप्टी ड्रग कंट्रोलर ऑफ इंडिया अरविंद कुकरेती ने किया। इस मौके पर गुरु का लंगर चैरिटेबल आई हॉस्पिटल के जनरल सेक्रेटरी हरजीत सिंह सभ्रवाल मौजूद थे। कुकरेती ने संस्था के प्रयास की सराहना की। यहां पर पीजीआई जैसे संस्थान के अनुभवी डॉक्टर लोगों को मुफ्त में देखेंगे और सस्ती दर पर लोगों को दवाइयां उपलब्ध होंगी।
मिशन हॉस्पिटल की खूबियां
मिशन हॉस्पिटल में मरीजों का अल्ट्रासाउंड मात्र 113 रुपये से शुरू होगा। सिटी स्कैन 313 रुपये से शुरू होगा। वहीं, लैबोरेटरी टेस्ट मार्केट से सस्ती दर पर किए जाएंगे। लैबोरेटरी में उच्च तकनीक वाली मशीनें हैं। मरीजों को दवा लेने में असुविधा न हो, इसलिए हॉस्पिटल परिसर में ही तेरा ही तेरा मेडिकोज बनाया गया है। यहां पर हॉस्पिटल के डाक्टरों की ओर से लिखी गई हर दवा उपलब्ध होगी।