चंडीगढ़। कोरोना वायरस के कारण लॉक डाउन और कर्फ्यू के चलते लोग अपने-अपने घरों में हैं। बहुत से लोग ऐसे हैं जिन्हें खाने की सुविधा नहीं हैं, उनके लिए गुरुद्वारा प्रबंधक संगठन देवदूत की तरह साबित हो रहे हैं।
गुरुद्वारों की ओर से हर रोज दस हजार से भी अधिक लोगों के लिए घर की व्यवस्था की गई है। यह व्यवस्था 14 अप्रैल तक लगातार जारी रहेगी।
चंडीगढ़ गुरुद्वारा प्रबंधक संगठन के महासचिव रघुवीर सिंह रामपुर ने बताया कि सेक्टर 7, 8, 19, 22, 34, 38, 29, 40 मिल्क कॉलोनी धनास और 29 स्थित गुरुद्वारों में लंगर तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सेक्टर- 34, 8 और 40 के गुरुद्वारा साहिब में मशीन के द्वारा प्रसादा तैयार किया जा रहा है। अन्य गुरुद्वारा साहिब में दाल बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सुबह साढ़े ग्यारह बजे और दोपहर बाद साढ़े तीन बजे जरूरतमंद लोगों के लिए शहर के विभिन्न भागों लंगर भेेजा जा रहा है। सेक्टर- 22 के गुरुद्वारा साहिब के महासचिव गुरजोत सिंह साहनी ने बताया कि किसी को भी शहर में भूखा नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कार्य में गुरु घर के प्रबंधक और सेवादार लगे हैं। प्रशासन के साथ मिलकर लंगर बनाने से लेकर बांटने की व्यवस्था संगठन की ओर से हो रहा है।
चंडीगढ़ समूह गुरुद्वारा प्रबंधक संगठन के चेयरमैन जत्थेदार तारा सिंह ने बताया कि गुरजोत सिंह साहनी के अलावा बीबी अमरजीत कौर, रछपाल सिंह, गुरबचन सिंह भाटिया, एचएस नरूला, कृपाल सिंह, साधु सिंह, तेजवंत सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उनके साथ हैं।