मिस्टर पंजाब का टाइटल जीतने वाले गुरप्रीत सिंह।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। सेक्टर- 26 के रहने वाले गुरप्रीत सिंह ने सीनियर मिस्टर पंजाब का खिताब जीता है। इसी सप्ताह पंजाब के कोटकपूरा में आयोजित बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में हुई। वे ओवरऑल विजेता भी बने। इस प्रतियोगिता में पंजाब और चंडीगढ़ से कुल 24 बॉडी बिल्डरों ने हिस्सा लिया था। गुरप्रीत सिंह के पिता दर्शन सिंह कांस्टेबल हैं। उन्होंने बीए की है। अब वह 4 अप्रैल को दिल्ली में होने वाली नेशनल बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए तैयारी कर रहे हैं।
दो बार बन चुके हैं मिस्टर चंडीगढ़
गुरप्रीत सिंह ने बताया कि वे पहले कबड्डी के खिलाड़ी थे। इसके बाद बॉडी बनाने का शौक जागा और इस पर खूब मेहनत की। इसके बाद बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेना शुरू कर दिया। पहले इंटर यूनिवर्सिटी मे गोल्ड जीता। इसके बाद जीत का सिलसिला आगे चलता रहा। गुरप्रीत सिंह दो बार मिस्टर चंडीगढ़, दो बार मिस्टर पंजाब, मिस्टर इंडिया में सेकेंड पोजीशन और एक बार मिस्टर मोहाली का खिताब जीत चुके हैं।
गुरप्रीत सिंह की दिनचर्या और खुराक
गुरप्रीत का कहना है कि शरीर का ध्यान रखना एक बॉडी बिल्डर के लिए चुनौतीपूर्ण काम रहता है। बॉडी को बेहतर शेप देने के लिए वह रोजाना सुबह और शाम जिम में दो-दो घंटे कसरत करते हैं। इसके बाद रनिंग भी करते हैं। वह डाइट में रोजाना 800 ग्राम चिकन और 20 अंडे खाते हैं।