आम आदमी पार्टी के सूबा कनवीनर गुरप्रीत सिंह घुग्गी ने कहा है कि एसवाईएल के मुद्दे पर सीएम प्रकाश सिंह बादल लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। लोगों की आंखों में धूल झोंकने के बजाय उन्हें हरसिमरत कौर बादल का इस्तीफा दिलाना चाहिए।
घुग्गी ने कहा कि एसवाईएल के कांटे खुद बादल ने बीजे थे। अब उनकी सांझेदार भाजपा सरकार ने इस पर फैसला लेना है, लेकिन बादल बार-बार यह कह कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं कि वह पानी के लिए कोई भी कुर्बानी देने को तैयार हैं। बादल के पास मोदी पर दबाव बनाकर एसवाईएल पर पंजाब के पक्ष में फैसला करवाने का मौका है। अगर मोदी फिर भी नहीं मानते हैं तो बादल को गठबंधन तोड़कर हरसिमरत का इस्तीफा दिलवाना चाहिए, लेकिन बादल सिर्फ मोदी की जी हजूरी करते हैं।
उनसे हक मांगने की हिम्मत बादल में नहीं है। अगर सीएम सच में कुर्बानी देना चाहते हैं तो इसकी शुरूआत अपने परिवार से करें। सबसे पहले हरसिमरत कौर बादल का केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिलवाएं। बादलों को सिर्फ सत्ता का लालच है, जिस कारण वह मोदी सरकार पर बिल्कुल भी दबाव नहीं बनाएंगे। उन्होंने कहा कि बादल की भाजपा के साथ पंजाब व केंद्र में गठबंधन सरकारें हैं, हरियाणा व राजस्थान में भी भाजपा सत्ता में है। अगर बादल अब भी पंजाब के हक पर मोदी सरकार से मोहर न लगवा सके तो उन्हें भाजपा से गठबंधन रखने का कोई अधिकार नहीं है। घुग्गी ने पंजाब के लोगों को भरोसा दिया कि सिर्फ आप ही पंजाब के हितों की रक्षा कर सकती है। केंद्र सरकार से पंजाब के हक कैसे लेने हैं यह पार्टी अच्छी तरह जानती है।