25 अगस्त के दंगे और आगजनी के दूसरे दिन पंचकूला पटरी पर लौटने लगा है। लेकिन शहर लोगों में दहशत साफ झलक रही है। रविवार को सेक्टरों में मार्केट खुलने लगे लेकिन पूरा दिन सन्नाटा छाया रहा। कई सेक्टरों के सिक्योरिटी गेट पिछले तीन दिन से बंद हैं। लोग सिर्फ रोजमर्रा के सामान खरीदने के लिए घर से बाहर निकल रहे हैं। लोगों की मानें तो सोमवार को गुरमीत राम रहीम मामले में फैसला आने के बाद मंगवार से अगर शहर का माहौल ठीक रहा तभी वह घर से बाहर निकलेंगे।
पंचकूला सेक्टर 12ए रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान राकेश अग्रवाल ने बताया कि लोगों के मन से डर नहीं निकल पाया है। उन्होंने बताया कि वह घर से सोमवार को गुरमीत राम रहीम मामले में फैसला आने के बाद ही मंगलवार को निकलेंगे। मार्केट खुले हैं, लेकिन लोग रोजमर्रा के सामन खरीदने के लिए बाहर निकल रहे हैं।
सजा के ऐलान के बाद ही लोग लेंगे राहत
सेक्टर सात रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान तरसेम गर्ग ने बताया कि सोमवार को गुरमीत राम रहीम मामले में फैसला आने के बाद ही लोग राहत की सांस लेंगे। वैसे 25 अगस्त के दंगे के बाद रविवार को सेक्टर के मार्केटों में लोग रोजमर्रा का समान खरीदते दिखे। लेकिन दहशत बरकरार है। सेक्टर के सभी एंट्री गेटों पर ताले लगे हैं।
पहले ही तरह होंगी आज की सुरक्षा
डेरा प्रमुख की सजा पर सोमवार को होने वाली सुनवाई के दौरान पंचकूला में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे। अदालत परिसर के इर्द गिर्द सहित तमाम जगहों पर ठीक तीन दिन पहले की तरह सुरक्षा कर्मी मुस्तैद रहेंगे। इस दौरान किसी तरह की अनहोनी न हो, इसके लिए पुलिस ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। हरियाणा पुलिस के साथ पैरा मिलिट्री फोर्स भी मुस्तैद रहेगी।
Market, Sector-7, Panchkula
रात को जागकर कर रहे हैं पहरेदारी
सेक्टर 12ए रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी करतार सिंह ने बताया कि उनके सेक्टर में दस लोग रात को जागकर बारी बारी से पहरेदारी कर रहे हैं। इस संबंध में प्रशासन से भी मीटिंग के दौरान बात हुई थी। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के सामने मांग रखी गई है कि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पांच सदस्यीय कमेटी गठित जाए। इसके अलावा सेक्टर के एंट्री प्वाइंट के पास एक पीसीआर की तैनाती की मांग भी की गई है।
सेक्टर का माहौल ठीक है
सेक्टर-16 निवासी सुभाष पपनेजा ने बताया कि सेक्टर का माहौल ठीक है। लोग खबरों पर नजर रखे हैं। प्रशासन से अपील है कि 25 अगस्त की तरह पंचकूला में सोमवार को हालात न हों। इसके लिए सुरक्षा प्रशासन सुनिश्चित करे।
एक सप्ताह से बंद रास्ते खुले
सेक्टर सात दो, चार, नौ व पंद्रह के मार्केट रविवार को खुले। लेकिन यहां सन्नाटा के सिवा कुछ नहीं दिखा। वहीं 22 अगस्त से बंद माजरी चौक के रास्ते को खोल दिया गया। यहां आवाजाही शुरू हो गई है। इसके अलावा पंचकूला के सेक्टर पांच हैफेड के पास जहां आगजनी की हुई थी। उस रास्ते को भी आम पब्लिक के लिए खोल दिया गया। लेकिन अभी एहतियात के तौर पर इन दोनों स्थानों पर सीआरपीएफ की तैनाती की गई है। बता दें कि हैफेड के पास जहां आगजनी हुई, वह रास्ता तो खुल गया लेकिन अन्य दिनों के अपेक्षा आवाजाही कम दिखी।
तीन दिन पहले की सुरक्षा की तरह ही सोमवार को शहर में सुरक्षा के इंतजाम होंगे। सभी अधिकारियों को सुरक्षा में किसी तरह की कोताही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
-मनवीर सिंह, डीसीपी, पंचकूला