सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ गुलदाऊदी शो का समापन
तीन दिवसीय 30 वां गुलदाऊदी शो का रविवार को समापन हो गया। बड़ी संख्या में लोग गुलदाऊदी शो में अपने परिवारों के साथ लोग पहुंचे। इस अवसर पर सुबह फ्लोरल क्विज हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद मुख्य अतिथि नगर निगम कमिश्नर बी पुरुषार्था ने सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर कमिश्नर ने नागरिकों से शहर को साफ रखने के लिए हाथ बंटाने की अपील की, ताकि चंडीगढ़ देश में नंबर वन हो सके। इस दौरान स्वच्छ सर्वेक्षण 2017 के लिए हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के दौरान नेशनल स्कूल ऑफ आर्ट्स की ओर से नुक्कड़ नाटक स्वच्छ भारत मिशन का मंचन किया गया। नगर निगम कमिश्नर ने गार्डन में जाकर निरीक्षण किया। उनके साथ ज्वाइंट कमिश्नर मनोज खत्री, चीफ इंजीनियर एनपी शर्मा, हार्टिकल्चर विंग के एक्सईएन केपी सिंह के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित हुए।
इस मौके पर गुरुकुल ग्लोबल स्कूल सेक्टर-20 पंचकूला के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
किंग ऑफ द शो, क्वीन ऑफ द शो, प्रिंस ऑफ द शो, प्रिंसेज ऑफ द शो के अलावा बेस्ट फ्लावर ऑफ द शो के विजेताओं सहित अन्य कैटेगरी में शामिल विजेताओं को सम्मानित किया गया।