खंड के गांव असगरपुर निवासी बलदेव भारतीय ने एक चैनल पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रम ‘कौन बनेगा करोड़पति में सात लाख रुपये का नकद इनाम जीता है।
गांव ठसका के राजकीय मिडिल स्कूल में बतौर गेस्ट अध्यापक कार्यरत बलदेव भारतीय ने इस कार्यक्रम के घर बैठे जीतो प्रतियोगिता में अमिताभ बच्चन द्वारा फोन पर पूछे गए प्रश्न का सही उत्तर दिया तथा जैक पोट जीतते हुए सात लाख रुपये का नकद इनाम जीता। बलदेव भारतीय द्वारा कौन बनेगा करोड़पति में जैक पोट जीतने की खबर से उनके गांव वासियों सहित अध्यापक समाज में खुशी की लहर है।
सोमवार को दिखाए गए कौन बनेगा करोड़पति के एपिसोड में अमिताभ बच्चन ने बलदेव भारतीय द्वारा बताए गए उत्तर को सही बताते हुए उनको सात लाख रुपये देने की घोषणा की। बलदेव भारतीय ने बताया कि वे पिछले चार वर्षों से केबीसी कार्यक्रम से जुड़े हुए हैं तथा हॉट सीट के लिए चार बार ओडिसन दे चुके है।
उन्होंने बताया कि वे चारों ही बार हॉट सीट के नजदीक जाते जाते रह गए। उन्होंने दो बार दिल्ली तथा एक-एक बार चंडीगढ़ और अमृतसर में ओडिशन दिया था।
गेस्ट अध्यापकों ने दी बधाइयां
अपने गेस्ट टीचर साथी द्वारा केबीसी में सात लाख रुपये के इनाम जीतने की खबर पाकर इलाके के गेस्ट अध्यापकों ने बलदेव भारतीय को बधाइयां दी। अतिथि अध्यापक संदीप कुमार, अनिल कुमार, साहिब सिंह, ललित कुमार, सुभाष चंद और अशोक कुमार ने बलदेव भारतीय की इस उपलब्धि पर खुशी प्रकट करते हुए कहा कि बलदेव भारतीय ने गेस्ट अध्यापकाें के सम्मान को बढ़ाया है।
उनके साथ प्राध्यापक रामकरण ताश ने बताया कि बलदेव भारतीय शुरू से ही मेधावी रहे है। अध्यापक नेता देवी चंद सैनी, चमन लाल, सुशील सैनी, प्राध्यापक ओम प्रकाश, धर्मपाल सिंह और गोबिंद सिंह भाटिया ने भी बलदेव भारतीय की इस उपलब्धि पर खुशी प्रकट की।
उधर, हरियाणा अतिथि अध्यापक संघ के प्रदेश संयोजक राजेंद्र शास्त्री, प्रदेश कमेटी सदस्य सतपाल शर्मा, जिला संयोजक श्याम कुमार, बलदेव शास्त्री और हरियाणा अनुबंधित अध्यापक संघ के जिला प्रधान संत कुमार, राज्य के उप प्रधान सुरेंद्र दहिया ने भी गेस्ट टीचर बलदेव भारतीय की इस उपलब्धि पर खुशी प्रकट करते हुए कहा कि इस से प्रदेश के समस्त अतिथि अध्यापकों को गर्व महसूस हुआ है।