प्रदूषण रोकने के लिए मियावाकी पौधारोपण होगा
सीएम ने बताया कि प्रदूषण रोकने के लिए शहरी क्षेत्रों में मियावाकी पौधारोपण पद्धति को अपनाया जाएगा। पहले प्रत्येक जिला सघन पौधारोपण के लिए न्यूनतम 2.5 एकड़ भूमि आवंटित करेगा। इसके तहत स्वदेशी व बहुउद्देशीय पौधों की प्रजातियों को लगाने का बल दिया जाएगा।
स्मारकों के रखरखाव के लिए 100 करोड़ का प्रावधान
राज्य के संरक्षित स्थलों और स्मारकों के संरक्षण व रखरखाव के लिए सरकार ने 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। पर्यटन और विरासत क्षेत्र के लिए 242.43 करोड़ रुपये रखे गए हैं। सीएम ने कहा कि 2024-25 में गुरुग्राम व नूंह जिलों में दस हजार एकड़ भूमि पर अरावली सफारी पार्क बनाने का कार्य शुरू होगा।
अयोध्या के लिए यात्रियों का पहला समूह मार्च के पहले सप्ताह में होगा रवाना
सीएम ने बताया कि हरियाणा तीर्थ योजना के लिए पंजीकरण शुरू हो चुका है। अयोध्या के लिए तीर्थ यात्रियों का पहला समूह मार्च के पहले सप्ताह में रवाना होगा। इसके बाद यात्रियों के समूह हर हफ्ते एक तीर्थ स्थल की यात्रा करने की योजना का लाभ उठाएंगे।
गिग-वर्कर को इलेक्ट्रिक स्कूटर की खरीद पर मिलेगी सब्सिडी
राज्य सरकार ने घर-घर डिलीवरी करने वाले वर्करों के लिए एक योजना शुरू की है। इन वर्करों को इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने के लिए बिना ब्याज के क्रेडिट गारंटी के साथ 45 हजार रुपये या इलेक्ट्रिक स्कूटर की वास्तविक एक्स शोरूम कीमत पर ऋण के साथ पांच हजार रुपये सब्सिडी दी जाएगी। इसके लिए वर्करों की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये और परिवार पहचान पत्र के साथ ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकृत होना जरूरी है।