चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग(सीटीयू) कर्मचारियों के लिए एडवाइजर विजय कुमार देव ने दिवाली से पहले ही तोहफा दे दिया। सीटीयू वर्कर यूनियन की मांग पर देव ने सभी कर्मचारियों को सरकारी मकान अलॉट करने संबंधित विभाग को निर्देश दिए हैं।
इस फैसले से सीटीयू के करीब 300 ड्राइवर और कंडक्टरों को नए साल से पहले सरकारी मकान मिलने की उम्मीद है। बुधवार सेक्टर-43 स्थित आईएसबीटी में विजय कुमार देव 11 नई करोना गाड़ियों को सीटीयू बेड़े में शामिल करने के लिए झंडी दिखाने पहुंचे थे।
सीटीयू वर्कर यूनियन जनरल सेक्रेटरी रणजीत सिंह हंस ने देव के सामने कर्मचारियों के लिए सरकारी मकानों की समस्या को उठाया। हंस ने बताया कि लेट नाइट ड्यूटी होने के कारण स्टॉफ को किराये पर मकान नहीं मिलता। देव ने तुरंत डायरेक्टर ट्रांसपोर्ट अमित तलवार को मामले में कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए।
11 नई कोरोना बसें सीटीयू बेड़े में हुई शामिल
बुधवार सेक्टर-43 स्थित आईएसबीटी में एडवाइजर विजय देव की मौजूदगी में 11 नई एसी कोरोना बसों को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर डायरेक्टर ट्रांसपोर्ट अमित तलवार, एडिशनल सेक्रेटरी एसटीए राजीव तिवारी और सीटीयू वर्कर यूनियन के सदस्य रणजीत सिंह हंस, भूपेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह और जितेंद्र पाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। देव के अनुसार नवंबर तक 160 (70 एसी,90 नॉन एसी) नई बसें खरीदी जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन जल्द ही 400 ड्राइवर और कंडक्टर की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर देगा।
72 लेडी कंडक्टर को पहले मिलेगा सरकारी मकान
सीटीयू में कार्यरता सभी महिला कंडक्टरों को अब सरकारी मकान अलॉट किया जाएगा। एडवाइजर विजय देव ने सेक्रेटरी हाउस अलॉटमेंट दीपक कुमार को आदेश जारी कर दिए हैं। जानकारी अनुसार सीटीयू में 72 महिला कंडक्टर कार्यरत हैं। उधर देव ने सभी सीटीयू वर्कशॉप में महिला कर्मचारियों के लिए तुरंत शौचालय बनाने के निर्देश दिए हैं।
ट्राइसिटी के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा देने के लिए सीटीयू हर संभव प्रयास कर रहा है। करीब 160 नई लोकल और 200 लॉग रूट पर बसें चलाई जाएंगी। कंडक्टर और ड्राइवर की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू कर दी जाएगी।
- अमित तलवार, डायरेक्टर ट्रांसपोर्ट सीटीयू