चंडीगढ़। कारगिल विजय दिवस की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में चंडीमंदिर सैन्य स्टेशन में शुक्रवार को पुष्पांजलि समारोह आयोजित किया गया। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कारगिल युद्ध में शहीद सैनिकों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कारगिल युद्ध के दिग्गज, उनके परिवार के सदस्य, सेना की पश्चिमी कमान के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल मोहित वाधवा, स्टेशन के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी मौजूद थे। कारगिल विजय दिवस हर साल 26 जुलाई को 1999 के कारगिल युद्ध (ऑपरेशन विजय) में पाकिस्तान पर सशस्त्र बलों की जीत में बलिदान देने वाले बहादुरों को श्रद्धांजलि देने के लिए मनाया जाता है।