आपके पास यदि पानी और सीवरेज के अवैध कनेक्शन हैं तो सावधान! रहें कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार। पंजाब में पानी और सीवरेज के अवैध कनेक्शन लेने वालों की अब खैर नहीं। सरकार ने उन्हें अपने कनेक्शन नियमित करवाने का अंतिम मौका दिया है।
यदि वह ऐसा नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। पंजाब के शहरी क्षेत्रों में स्वैच्छिक खुलासा योजना के तहत ऐसे उपभोक्ता 31 जुलाई तक आवेदन कर अपने कनेक्शन नियमित करवा सकते हैं।
स्थानीय निकाय विभाग के मंत्री अनिल जोशी के अनुसार इससे पहले भी बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने इस योजना का लाभ उठाते हुए अपने कनेक्शन नियमित करवाए हैं। इस योजना को फिर से लागू किए जाने से जहां लोगों को लाभ मिलेगा, वहीं विभाग की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। वार्षिक शुल्क इसलिए लिया जाता है कि विभाग आर्थिक रूप से कमजोर न हो और लोगों को मिलने वाली सुविधाओं में किसी तरह की समस्याएं न आएं।
मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस योजना के तहत आवेदन करने वालों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। लोगों को इस संबंध में जागरूक किया जाए और उन्हें अपने कनेक्शन नियमित करवाने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि भविष्य में विभागीय कार्रवाई से उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। मंत्री के अनुसार इस संबंध में शुल्क काफी कम है और उपभोक्ता को बेहतर सुविधाएं प्राप्त करने के लिए इसे अदा करना चाहिए।