सीबीआई के विशेष जज जगदीप सिंह को जेड श्रेणी की सुरक्षा देने की तैयारी सरकार ने कर ली है। कभी भी सरकार की तरफ से यह सुरक्षा प्रदान कर दी जाएगी। डेरामुखी प्रकरण में कई साल की सुनवाई के बाद फैसला सुनाने वाले जगदीप सिंह की सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं किया जा सकता। इस लिहाज से सरकारी तौर पर यह मंथन चल रहा है। जज साहब का हेलीकॉप्टर रोहतक के लिए उड़ान भरने के साथ ही चंडीगढ़ में सुरक्षा पर मंथन शुरू हो गया था।
सरकार ने डेरामुखी की पंचकूला पेशी से पहले भी विशेष न्यायाधीश की सुरक्षा बढ़ा दी थी, लेकिन अब सजा सुनाने के बाद यह सुरक्षा देना अहम विषय हो गया है। पंचकूला में पिछले दिनों हुए हिंसा के तांडव और देश भर में घूम रहे डेरे के करोड़ों समर्थकों को देखते हुए भी सुरक्षा दिया जाना अहम है। मालूम हो कि डेरा प्रमुख की जेड सुरक्षा सरकार ने पहले ही वापिस ले ली है। पूर्व की कांग्रेस सरकार के समय डेरा प्रमुख को यह सुरक्षा उपलब्ध करवाई गई गई थी।
वर्तमान में हरियाणा में डेरा प्रमुख के अलावा अन्य किसी के पास जेड सुरक्षा नहीं थी। डेरामुखी से वापस ली गई सुरक्षा भी पेशी पर आने के बाद सरकार ने वापस ली है। हरियाणा के रहने वाले जगदीप सिंह पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपनी ईमानदार और स्वच्छ छवि के लिए जाने जाते हैं। आज का यह फैसला देने के बाद जगदीप सिंह ने एक और मिसाल कायम की है।