जानकारी के अनुसार अभी सरकारी स्कूलों में 9वीं से 12वीं तक की कक्षाओं को दो नवंबर से दो शिफ्ट में बुलाया जा रहा है। इसमें 10वीं और 12वीं के विद्यार्थी सुबह व 9वीं और 11वीं के विद्यार्थी दोपहर के सत्र में स्कूल आते हैं। छठी से आठवीं तक की कक्षाएं मार्च से ही बंद हैं।
हमें प्रशासन की तरफ से कोई निर्देश नहीं मिले
अभी तक हमें छठी से आठवीं तक के लिए स्कूल खोलने संबंधी कोई निर्देश नहीं मिले है। प्रशासन को पंजाब की तर्ज पर पांचवीं से आठवीं तक के स्कूल खोलने चाहिए थे। हम सरकारी स्कूलों के खुलने पर हालात का जायजा लेंगे। इसके बाद अभिभावकों के बीच सर्वे करवाकर उनकी राय मांगी जाएगी। इसके बाद ही स्कूल खोलने पर विचार करेंगे। अभी निजी स्कूलों में सिर्फ प्री-बोर्ड के लिए 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को बुलाया जा रहा है। -एचएस मामिक, अध्यक्ष, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन।
एक फरवरी से दसवीं को प्री बोर्ड परीक्षा के लिए बुलाएंगे
जब तक अभिभावकों को ऑनलाइन कक्षा का विकल्प दिया जाएगा, तब तक वे बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे। निजी स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाएं अच्छे से चल रही हैं। अब तक हमने जो सर्वे करवाया है, उनमें लगभग सभी अभिभावकों ने ऑनलाइन कक्षा के लिए प्राथमिकता भरी है। हम एक फरवरी से दसवीं कक्षा के लिए ऑफलाइन प्री-बोर्ड परीक्षा आयोजित करवा रहे हैं। यह सभी विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य है। इसमें ऑनलाइन का विकल्प नहीं दिया जाएगा। - लुइस लोपेज, प्राचार्य, सेंट स्टीफन स्कूल।