चंडीगढ़। चंडीगढ़। गर्मी की छुट्टियों के बाद बुधवार को शहर के सरकारी स्कूल एक महीने बाद फिर से खुल गए। पहले दिन अधिकांश स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति काफी कम रही। करीब 20 प्रतिशत छात्र ही पढ़ाई के लिए पहुंचे, जबकि कई कक्षाओं में गिनती के विद्यार्थी नजर आए। स्कूल खुलने पर शिक्षक समय पर पहुंचे और विद्यार्थियों का फूल व तिलक लगाकर स्वागत किया। इसके बाद नियमित पढ़ाई शुरू करवाई गई। पहले दिन विद्यार्थियों को नए सत्र की पढ़ाई, समय-सारिणी और जरूरी निर्देशों की जानकारी भी दी गई।
शिक्षकों का कहना है कि छुट्टियों के बाद पहले दिन उपस्थिति कम रहना सामान्य बात है। वहीं, कुछ अभिभावकों ने तेज गर्मी और बच्चों की दिनचर्या पूरी तरह सामान्य नहीं होने को अनुपस्थिति का कारण बताया। शिक्षकों को उम्मीद है कि सोमवार तक विद्यार्थियों की संख्या सामान्य हो जाएगी।