पंजाब में बस का सफर अब महंगा हो गया है। प्रदेश सरकार ने सोमवार मध्यरात्रि से बसों का किराया बढ़ा दिया है। इससे आम लोगों की जेबों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। उधर पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (पीआरटीसी) के अधिकारियों का कहना है कि सरकार ने डीजल के बढ़ते रेट और कारपोरेशन मुलाजिमों की बढ़ती तनख्वाहों का खर्चा पूरा करने के लिए फैसला लिया है।
कैप्टन सरकार के नए फैसले के मुताबिक साधारण बस के किराये में पहले की तुलना में पांच पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है। पहले जहां साधारण बस का किराया एक रुपये 9 पैसे था, वह अब बढ़कर एक रुपये 14 पैसे कर दिया गया है। सेमी एसी बस के किराये में 20 फीसदी, एसी बस के किराये में 80 फीसदी और वोल्वो बस के किराये में 100 फीसदी की वृद्धि की गई है। ट्रांसपोर्ट विभाग ने विभिन्न डिपो के जनरल मैनेजरों को मंगलवार से बढ़ा किराया वसूलने के आदेश जारी कर दिए हैं।
पीआरटीसी अधिकारियों के मुताबिक पिछले कुछ समय से डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इस कारण बढ़े खर्चों के कारण कारपोरेशन मैनेजमेंट के लिए अपने मुलाजिमों को तनख्वाहें देना तक मुश्किल हो रहा था। इसके मद्देनजर सरकार से लगातार बसों का किराया बढ़ाने की मांग की जा रही थी।
पीआरटीसी के मैनेजिंग डायरेक्टर गुरलवलीन सिंह सिद्धू ने बताया कि बसों का किराया बढ़ने से कारपोरेशन की रोजाना की आमदनी पांच लाख रुपये तक बढ़ जाएगी। इससे कारपोरेशन को वित्तीय फायदा ही होगा। उन्होंने बताया कि सरकार का यह फैसला सारे सरकारी ट्रांसपोर्ट व निजी बसों पर लागू होगा।
साधारण बसों के किराये में बदलाव
रूट पहले किराया अब
पटियाला-अमृतसर 285 296.67
पटियाला-जालंधर 200 207.70
पटियाला-लुधियाना 110 114.59
पटियाला-चंडीगढ़ 90 93.50