अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा सिविल मेडिकल एसोसिएशन (एचसीएमएस) के आह्वान पर सोमवार को प्रदेशभर से आए सरकारी चिकित्सकों ने पंचकूला स्थित स्वास्थ्य महानिदेशक कार्यालय के बाहर मांगों को लेकर धरना दिया। इस दौरान स्वास्थ्य महानिदेशक से बातचीत हुई। एसोसिएशन ने चेताया कि अब भी सुनवाई न हुई, तो 15 जुलाई को डॉक्टर दो घंटे के लिए कलम छोड़ हड़ताल करेंगे। 25 जुलाई से अनिश्चितकाल के लिए इमरजेंसी सेवाएं बंद कर दी जाएंगी। डॉक्टरों ने पंचकूला के सेक्टर 6 स्थित स्वास्थ्य महानिदेशक कार्यालय के बाहर धरना दिया और नारेबाजी की। एचसीएमएस अध्यक्ष डाॅक्टर राजेश ख्यालिया और महासचिव अनिल यादव ने बताया कि डॉक्टरों की मांगें पूरी न होने से उन्हें अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस दौरान डॉक्टरों के संगठन और कोर कमेटी ने आगे की रणनीति को लेकर बैठक भी की। एसोसिएशन पदाधिकारियों का कहना है कि इसके कारण जो समस्या आएगी, उसके जिम्मेदार अफसर और सरकार होगी। राजेश ख्यालिया ने कहा, प्रदेश के सभी जिलों में संपर्क साधा है।