-मुख्यमंत्री से मिले, देर रात तक अधिकारियों के साथ चली बैठक, वापस लौटे
-युवा बोले-जो भी सीईटी पास हैं, उनको मुख्य परीक्षा में बैठने का मौका दिया जाए
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। संयुक्त पात्रता परीक्षा (सीईटी) को क्वालीफाई कराने को लेकर सैकड़ों युवा राज्यभर से चंडीगढ़ पहुंचे। युवा सेक्टर-10 स्थित लेजर वैली पार्क में डेरा डाल दिया। युवाओं ने मुख्यमंत्री आवास के घेराव का आह्वान किया था, लेकिन पुलिस ने उनको पार्क से आगे नहीं जाने दिया। देर शाम युवाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि वह इस बारे में विचार कर रहे हैं। जल्द इस बारे में कोई फैसला लेंगे। युवाओं ने मांग की कि जो भी युवा सीईटी पास हैं, उनको मुख्य परीक्षा में बैठने का मौका दिया जाए। फिलहाल, सीईटी पास टॉपर्स चार गुना को ही मुख्य परीक्षा के लिए बुलाया जा रहा है, जिससे लाखों की संख्या में युवा भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो रहे हैं। युवाओं की बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, एजी बलदेव राज महाजन और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह के साथ युवाओं की बैठक कराई। देर शाम तक बैठक जारी रही। युवाओं का तर्क है कि प्रदेश में करीब 3.5 लाख छात्र ग्रुप सी सीईटी पास हैं और करीब 4 लाख ग्रुप डी की सीईटी पास हैं। युवाओं का कहना है कि सरकार ने दावा किया था कि हर साल सीईटी की परीक्षा होगी, लेकिन पिछले 4 साल से हरियाणा में ग्रुप सी कि कोई भी परीक्षा नहीं हुई है। अधिकारियों से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद युवाओं ने पार्क खाली कर दिया है और घरों के लिए वापस लौट गए।