हरियाणा लोकहित पार्टी के अध्यक्ष गोपाल कांडा ने आज चंडीगढ़ में एक सवाल पर दिए जवाब ने सनसनी मचा दी। घोषणापत्र में शामिल लोकलुभावन योजनाओं का पैसा कहां से आएगा? के सवाल पर गोपाल कांडा बोले, हवाई चप्पल से लेकर हवाई जहाज तक मैने चलाएं हैं। गोपाल कांडा पैसा कमाना जानता है, ये पूरा देश जानता है। भरोसा दिलाता हूं कि ये घोषणाएं एक शपथ हैं, इन्हें पूरा करूंगा।
गौरतलब है कि शनिवार को चंडीगढ़ में हरियाणा लोकहित पार्टी के अध्यक्ष गोपाल कांडा ने पार्टी का घोषणापत्र जारी किया।
घोषणापत्र में कांडा ने हरियाणा में पार्टी की सरकार बनने पर हर घर में 200 यूनिट बिजली फ्री देने, 8वीं तक के हर छात्र को लैपटाप देने, सभी कर्मचारियों को पंजाब से अधिक वेतन देने, महिला कर्मचारियों को 13 माह का वेतन देने, गरीबों को 100-100 गज के प्लाट में दो कमरे बनाकर देने, धार्मिक स्थानों जैसे मंदिर, गुरुद्वारों में बिजली-पानी फ्री देने जैसे लोकलुभावन वायदे किए। गरीब परिवारों पर कांडा काफी मुरीद दिखे। गरीब परिवार में लड़की होने पर कांडा ने 5100 रुपये बतौर शगुन देने का वायदा भी किया।
पैसा कहां से आएगा?
जब कांडा से पूछा गया कि लोकलुभावन वादों को पूरा करने के लिए पैसा कहां से आएगा, तो वे बोले कि हरियाणा में डीएलएफ जैसे करोड़ों की जमीनें बेकार पड़ी हैं। ऐसी जमीनों को चिन्हित कर उन्हें मौजूदा सरकारी भाव में बेचकर जो पैसा आएगा, उन्हीं से घोषणाओं को पूरा किया जाएगा। जब उनसे कहा गया कि आपको लगता है कि अभी कोई कीमती जमीन हरियाणा में बची है।
इसपर कांडा बोले कि हां ये सच है कि प्रदेश सरकार पिछले 10 साल से हरियाणा को लूट रही है, शायद उसने ऐसी किसी जमीन को न छोड़ा हो, लेकिन फिर भी पैसा कमाना वे जानते हैं। इन्हें हर हाल में पूरा करेंगे।
गठबंधन को हर पार्टी के लिए दरवाजे खुले
गठबंधन के बारे में पूछे गए सवाल पर गोपाल कांडा ने कहा कि सभी पार्टियों के बड़े नेता उनके संपर्क में है। वे भी सभी पार्टियों के संपर्क में हैं। जो भी पार्टी उनकी सोच में उनका साथ देगी, उनकी पार्टी के साथ उनका गठबंधन होगा। अभी गठबंधन के बारे में उन्होंने कोई फैसला नहीं किया है।
मैं खुद स्टार प्रचारक हूं
पार्टी के स्टारप्रचारक के बारे में पूछे सवाल पर कांडा ने कहा कि वे खुद इतने बड़े स्टार प्रचारक हैं, हर पार्टी उन्हें अपनी पार्टी में देखना चाहती है। वे खुद अपनी पार्टी के स्टार प्रचारक है। हालांकि आने वाले दिनों में उन्होंने फिल्म स्टार को बुलाने का वायदा भी किया।
पहली सूची एक या दो दिन में
चुनाव की तारीख घोषित हो गई है। पहली सूची के बारे में पूछे सवाल में कांडा ने बताया कि चूंकि चुनाव को कम ही समय रह गया है, इसलिए पार्टी की पहली सूची 3 या 4 दिन में जारी कर दी जाएगी, इसमें अधिकतर सीटों पर पार्टी अपने प्रत्याशी घोषित कर देगी।
नहीं चलेगी मोदी लहर, भाजपा ग्राउंड पर जीरो
लोकसभा चुनाव में मोदी की लहर चली, लेकिन हरियाणा में मोदी की लहर नहीं चलेगी। कांडा ने बताया कि हरियाणा में ग्राउंड पर भाजपा जीरो है। पिछले विधानसभा चुनाव में कई ऐसी सीटें थीं, जिसमें भाजपा उम्मीदवारों को केवल 700 या 800 वोट मिले थे, उनकी जमानत तक जब्त हो गई थी। ऐसे में इस बार भी उनके साथ पिछले विधानसभा चुनाव जैसा ही हाल होगा।
मुख्यमुकाबला किस पार्टी से है, के सवाल पर कांडा बोले कि उनकी साढ़े 5 महीने की पार्टी है, इस बार उनकी पतंग ही चारों ओर आसमान में दिखेगी। जब इतिहास बनने जा रहा हो तो मुकाबला किसी से नहीं होता।