चंडीगढ़। औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्लॉट का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। अगली सुबह वारदात का पता लगने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में प्रवीन कुमार ने बताया कि वह औद्योगिक क्षेत्र फेज-एक प्रेस साइट के प्लॉट नंबर 88 में रहते हैं। उनका यहां पर मसाले का काम है। मंगलवार रात उन्होंने प्लॉट को बंद करके ताला लगाया था। अगली सुबह देखा तो किसी ने प्लॉट का ताला तोड़कर एक एलईडी टीवी, स्टीरियो, ड्रिल मशीन, स्टैम्प मशीन, तारों के बंडल के अलावा कुछ नकदी चुरा ली। शिकायत पर पुलिस वारदात स्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है जिससे आरोपियों की पहचान हो सके।