चंडीगढ़। एक तरफ शहर के सभी निजी स्कूल इस सेशन में स्कूल फीस बढ़ाने के साथ अतिरिक्त ट्यूशन फीस व अन्य सुविधाओं के शुल्क वसूल रहे हैं, वहीं मानव मंगल स्कूल ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए केवल ट्यूशन फीस लेने का फैसला लिया है।
मानव मंगल स्कूल के निदेशक संजय सरदाना ने रविवार को कहा कि वर्तमान हालात को देखते हुए अभिभावकों की मदद करने लिए ये फैसला लिया है। इस सेशन की फीस बढ़ाई नहीं थी, लगभग 85 प्रतिशत अभिभावकों ने अप्रैल की शुरुआत में ही ट्यूशन फीस के साथ वार्षिक शुल्क भी जमा करवाया था। मार्च में उम्मीद थी कि हालात सामान्य हो रहे हैं और अगले एक-दो महीने में स्कूल खोल सकते हैं। अब हालात इसके विपरीत हो गए, जब तक विद्यार्थियों की कक्षाएं ऑनलाइन चलेंगी, तब तक सिर्फ ट्यूशन फीस ही ली जाएगी। वहीं जिन अभिभावकों ने अप्रैल में वार्षिक शुल्क जमा करवाया है, उनका यह शुल्क मई की ट्यूशन फीस में समायोजित किया जाएगा। यह फैसला मानव मंगल स्कूल की सभी ब्रांचों चंडीगढ़, पंचकूला, जीरकपुर और मोहाली के लिए लिया गया है।