अब होमगार्ड जवानों के भी अच्छे दिन आने वाले हैं। यदि सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो इन जवानों को भी समय पर वेतन मिलेंगे और उनका परिवार भी खुशहाल रहेगा।
डीजी होमगार्ड लायक राम डबास ने सभी जिलों के एसपी व डीसी को पत्र लिखकर निर्देश दिए हैं कि होमगार्ड जवानों को हर माह की 10 तारीख को वेतन देना तय किया जाए। डबास पंचकूला पुलिस लाइन के नजदीक होमगार्डों के लिए बनी इमारत का वीरवार को उद्घाटन करने पहुंचे थे। उन्होंने इन जवानों के लिए भविष्य में बीमा पॉलिसी बनाने की भी बात कही।
सेक्टर-26 के गांव मोगीनंद स्थित पुलिस लाइन के पास चार करोड़ रुपये की लागत से कंबाइंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (सीबीआई) बनाया गया है और हरियाणा सरकार ने पहली बार होमगार्डों के लिए इस तरह की बिल्डिंग बनवाई है।
यहां उन्हें प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। डबास ने हरियाणा पुलिस हाउसिंग निगम के डीजी एवं एमडी बीएस संधू का आभार प्रकट किया और एक साल के भीतर सुंदर इमारत तैयार करने के लिए बधाई दी।
बीएस संधू ने कहा कि यहां एक भवन का निर्माण कराकर स्कूल भी संचालित किया जाएगा। डबास व संधू ने पौधरोपण भी किए। इस मौके पर संस्थान के आईजी पीएस रंगा, राज्य मुख्यालय में नियुक्त विभाग के आईजी संजीव कुमार जैन भी मौजूद रहे।
चलाए जाएंगे विशेष कोर्स
इस ट्रेनिंग सेंटर में होमगार्ड के जवानों को प्राकृतिक आपदाओं से बचाव सहित कई अन्य कोर्स कराए जाएंगे। हाल में ही मध्यप्रदेश के चंबल जैसे इलाके में होमगार्ड के जवानों ने विधानसभा चुनावों के दौरान बड़ी सूझबूझ से ड्यूटी निभाई थी। अब होमगार्ड जवानों को और मजबूत करने की तैयारी है।