डोपिंग मामले में नाडा से क्लीनचिट मिलने के बाद भी वाडा से चार साल के लिए प्रतिबंधित किए गए पहलवान नरसिंह यादव को राहत मिल सकती है। ओलंपिक में खेलने से ठीक पहले लगा उन पर प्रतिबंध हट सकता है। लेकिन यह सब सोनीपत पुलिस की जांच पर निर्भर करेगा।
नाडा के चीफ साइंटिस्ट डा. अंकुश गुप्ता ने साफ किया है कि वाडा ने नरसिंह पर दिए अपने आदेश में यह बात स्पष्ट की है। सोनीपत पुलिस की जांच में यदि ऐसा कोई सबूत मिल जाता है, जिसमें नरसिंह के साथ साजिश होने की बात साफ होती है तो उनसे प्रतिबंध हटा दिया जाएगा। जबकि एथलीट धर्मबीर पर प्रतिबंध लगना तय माना जा रहा है।
नाडा के चीफ साइंटिस्ट डा. अंकुश गुप्ता मंगलवार को साई की नेशनल बाक्सिंग एकेडमी में आए थे। उन्होंने ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके उप्र के पहलवान नरसिंह यादव, हरियाणा के धावक धर्मबीर सिंह, एथलीट इंद्रजीत के डोपिंग में फंसने के बाद चल रही कार्रवाई के संबंध में अमर उजाला से बातचीत की।