चंडीगढ़। सौर ऊर्जा का तकनीकी ज्ञान पाने के लिए आपके पास सुनहरा मौका है। यूटी प्रशासन केंद्र सरकार के हरित कौशल विकास कार्यक्रम के तहत 18 से 50 वर्ष आयु के व्यक्तियों को मुफ्त में प्रशिक्षण देने जा रहा है। कोर्स में दाखिला पाने के लिए 15 फरवरी तक आवेदन कर सकते हैं।
यूटी प्रशासन का पर्यावरण विभाग यह प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम लोगों को सौर ऊर्जा प्रणाली की तकनीकी जानकारी देने के लिए शुरू कर रहा है। इसमें दाखिला लेने वालों को कक्षा व्याख्यान, व्यावहारिक प्रशिक्षण, क्षेत्र का दौरा, मूल्यांकन समेत अन्य जानकारियां दी जाएंगी। इस पाठ्यक्रम में सौर फोटोवोल्टिक प्रणाली से संबंधित हर तरह की जानकारी दी जाएगी। यह कोर्स पूरी तरह से निशुल्क रहेगा। कोर्स के लिए विभाग ने 15 फरवरी तक आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस पाठ्यक्रम के लिए इलेक्ट्रिक/मैकेनिकल से आइटीआई या डिप्लोमाधारक या स्नातक उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। कोर्स के लिए आयु सीमा 18-50 वर्ष निर्धारित की गई है। कोर्स की अवधि 240 घंटों की रहेगी। http://www.gsdp-envis.gov.in/Default3.aspx वेबसाइट पर जाकर पाठ्यक्रम के लिए आवेदन कर सकते हैं और ch@envis.nic.in पर ई-मेल कर पाठ्यक्रम से जुड़ी जानकारी हासिल की जा सकती है।