चंडीगढ़। गवर्नमेंट मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल (जीएमएसएच) सेक्टर-16 में मंगलवार से ओपीडी में आने वाले मरीजों की कोरोना जांच शुरू कर दी गई है। अब लोगों को कोरोना जांच के लिए फ्लू क्लीनिक में स्क्रीनिंग कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वह सीधे ओपीडी में आकर भी कोरोना जांच करवा सकेंगे।
इसके लिए अस्पताल प्रशासन ने न्यू ओपीडी में चार अलग काउंटर बनाए हैं। तीन काउंटर फिजियोथैरेपी यूनिट में और एक काउंटर प्रथम तल पर बनाया गया है। पहले दिन ओपीडी में आए 206 मरीजों की कोरोना की जांच की गई। इसमें 3 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीके नागपाल ने बताया कि जांच की संख्या और बढ़ाई जाएगी। उनका कहना है कि लोग अब भी कोरोना की जांच कराने में डर रहे हैं, लेकिन उन्हें अपने मन का डर बाहर निकालना होगा। इसके लिए भी लोगों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जांच कराने में कोई खतरा नहीं है, बल्कि संक्रमण का पता चल जाने पर उससे बचाव किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पहले दिन 206 मरीजों की जांच की गई है। इस संख्या को 500 तक ले जाने का प्रयास रहेगा।