चंडीगढ़। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) सेक्टर-32 सफाई कर्मचारी यूनियन ने सोमवार को अस्पताल के डायरेक्टर प्रिंसिपल को पत्र सौंपकर आंदोलन की चेतावनी दी है। यूनियन के चेयरमैन ओम कैलाश का कहना है कि आश्वासन के बावजूद उनकी मांगें पूरी न किए जाने से कर्मचारियों में रोष है। 2 अक्टूबर को विभिन्न मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों ने अस्पताल प्रशासन को मांगपत्र सौंपा था। उस समय डायरेक्टर प्रिंसिपल के पीएस अनिल मोदगिल के आश्वासन पर विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया था, लेकिन अब तक उस आश्वासन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। यूनियन की मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर 21 अक्तूबर शाम तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं तो 22 अक्तूबर को सभी सफाई कर्मचारी काली पट्टी बांधकर ड्यूटी करेंगे। फिर भी कोई हल नहीं निकला तो यूनियन व्यापक स्तर पर आंदोलन कर विरोध जताएगी।