मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पानीपत की विजय संकल्प रैली में प्रदेश की जनता समेत सरकारी कर्मचारियों को कई सौगातें दी। क्या रहीं विजय संकल्प रैली की झलकियां जानिए।
विज्ञापन
-रैली में मुख्यमंत्री सहित हर वक्ता के निशाने पर रहे कांग्रेस के बागी लोग।
-सीएम ने 10 साल तक सत्ता सुख लेकर पार्टी छोड़ने वालों को मलाईखोर कहा।
-पानीपत के मैदान को बताया देश की राजनीति का फैसला करने वाला रण।
-मंच संचालन कर रहे सीएम के राजनीतिक सलाहकार प्रो. विरेंद्र सिंह माइक पर बार-बार आकर पंडाल में पहुंची भीड़ व जाम में फंसे लोगों के बारे में बताते रहे।
-सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 3:08 से 3:50 बजे तक 42 मिनट के भाषण में दो बार पानी पीया।
-पंजाब के समान वेतनमान देने की घोषणा पर पुलिसकर्मी व सरकारी कर्मी झूम उठे।
-सीएम हुड्डा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में बेईमानों की बातों में न आना, हुड्डा आपके रक्षक हैं।
निशाने पर भाजपा और केंद्र के दावे
-विधानसभा स्पीकर ने भी मंच पर बोला विपक्षियों व बागियों पर हमला। -प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने दूसरे दलों के नाखुश नेताओं को कांग्रेस में शामिल होने का दिया न्योता। कहा 31 तक कर सकते हैं सदस्यता ग्रहण। -सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा के वरिष्ठ नेता द्वारा प्रदेश में कबाड़ के सहारे (अन्य दलों के नेताओं को शामिल कर) सरकार रूपी फसल लहराने के दावे पर की टिप्पणी। -आबकारी एवं कराधान मंत्री किरण चौधरी ने अपने भाषण के आखिर में लिया तीसरी बार हुड्डा सरकार का नाम। -मंच पर बोलने वाले हर वक्ता के निशाने पर रही भाजपा व उनकी सरकार के दावे। -मुख्यमंत्री व दीपेंद्र हुड्डा का हैलीकॉप्टर दिखते ही पंडाल में लोग उठ खड़े हुए। -सांसद दीपेंद्र हुड्डा व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा अलग-अलग हैलीकॉप्टर में पहुंचे -मुख्यमंत्री के आते ही पहली लाइन में बैठे कई नेताओं को पीछे बिठाया।
इन्होंने किया संबोधित: रैली को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा. अशोक तंवर, सांसद दीपेंद्र हुड्डा, वित्त मंत्री हरमोहिंद्र सिंह चट्ठा, सिंचाई मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव, आबकारी एवं कराधान मंत्री किरण चौधरी, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री सावित्री जिंदल, परिवहन मंत्री आफताब अहमद, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, फूलचंद मुलाना, पूर्व राज्यसभा सांसद डा. रामप्रकाश तथा विधायक बलबीर पाल शाह ने भी संबोधित किया।
रैली में अचानक भावुक हो गए हुड्डा
मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कैथल कार्यक्रम में हुई हूटिंग की अपनी पीड़ा रविवार को विजय संकल्प रैली में बयां की। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यक्रम होने के नाते वे वहां प्रदेश की ढाई करोड़ जनता का नुमाइंदा बनकर गए थे।
हूटिंग से उनका नहीं, पूरे प्रदेश की जनता का अपमान हुआ था। हरियाणा की जनता अपना अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी और इसका बदला जरूर लेगी। मगर जनता उनके तरीके से नहीं बल्कि वोट की चोट से बदला लेगी।
रैली में हुड्डा अचानक भावुक हो गए। कैथल रैली में हुई हूटिंग पर उन्होंने कहा कि जो उनके साथ हुआ वह सबके सामने है। वे मंच के माध्यम से उनसे पूछना चाहते हैं कि उनका क्या कसूर था। यह कहते हुए मुख्यमंत्री का गला भर्रा गया। उन्होंने कहा कि वे व्यक्तिगत तौर पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए थे बल्कि प्रदेश की जनता का नुमाइंदा बनकर गए थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खुफिया विभाग ने पहले ही ऐसे व्यवहार की आशंका जता दी थी मगर उसके बाद भी प्रधानमंत्री पद की गरिमा बनाए रखने के लिए सरकारी कार्यक्रम में वे शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हम शिष्टाचारी लोग हैं। उनकी तरह व्यवहार नहीं कर सकते। जनता उनसे बदला जरूर लेगी मगर हमारा तरीका दूसरा होगा। उनसे बदला लिया जाएगा मगर वोट की चोट पर।
बड़ी घोषणाएं कर चुनावी बिगुल फूंका
सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पानीपत की विजय संकल्प
रैली में बड़ी घोषणाएं करते हुए चुनावी बिगुल फूंक दिया। सीएम ने एक नवंबर
2014 से वृद्धावस्था सम्मान भत्ता एवं विधवा पेंशन जैसी अन्य सामाजिक
पेंशनों की राशि 1000 रुपये से बढ़ाकर 1500 मासिक रुपये करने, राज्य सरकार
के कर्मचारियों को पंजाब के समान वेतनमान देने की घोषणा की है।
सेक्टर-13/17
के मैदान में आयोजित विजय संकल्प रैली में घोषणा करते हुए सीएम हुड्डा ने
कहा कि सहकारी बैंकों के फसली ऋणों की समय पर अदायगी करने वाले किसानों का
पूरा ब्याज तथा दीर्घावधि के फसली ऋणों की समय पर अदायगी करने वाले किसानों
का आधा ब्याज माफ किया जाएगा।
माफ की राशि को राज्य सरकार वहन
करेगी। इसके अलावा हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम तथा हरियाणा
पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम के माध्यम से 31 मार्च, 2013 तक के सभी लगभग सवा
लाख लोगों के ऋणों के बकायों को माफ करने की भी घोषणा की। साथ ही, शहरों
में नियमित की जाने वाली कॉलोनियाें में विकास कार्य जल्द शुरू करने की
घोषणा की।
हुड्डा ने कहा कि आज हरियाणा देश में अग्रणी स्थान पर
है। उनका सपना है कि हरियाणा का नाम विश्व भर में हो। हरियाणा विकसित हो,
स्वस्थ हो और सुखद प्रदेश हो, इस विजन के साथ वे हरियाणा को आगे बढ़ाएंगे।
अपने
राजनीतिक विरोधियों तथा दलबदलुओं पर हुड्डा ने जनता से अपील करते हुए कहा
कि विस चुनाव में ऐसे मलाईखोरों को सबक सिखाया जाए। भाजपा को आड़े हाथों
लेते हुए हुड्डा ने कहा कि ये लोग दलबदलुओं के सहारे सरकार बनाना चाहते
हैं।
उन्होंने कहा कि दलबदल करने वाले ये कौन लोग हैं, जनता सब जानती है। ये वही मलाईखोर लोग है जो दस साल तक सरकार की प्रशंसा करते रहे।
विस
चुनाव में विपक्षी दलों को चुनौती देते हुए हुड्डा ने कहा कि भाजपा और
इनेलो दोनों पार्टियां अपने-अपने सीएम पद के उम्मीदवारों को करें। इसके साथ
ही उनके हलके की घोषणा भी करें। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां लोगों को
गुमराह कर रही हैं।