हिसार लोकसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण आदि में सुधार के लिए बेहतर आइडिया देकर कोई भी लखपति बन सकता है। सांसद दुष्यंत चौटाला ने बेहतर व्यवस्था बनाने के लिए लोगों से आइडिया मांगे है।
इसके लिए वन एमपी, वन आइडिया प्रतियोगिता कराई जा रही है। सर्वश्रेष्ठ आइडिया देने वाले को ढाई लाख रुपये इनाम दिया जाएगा। प्रतियोगिता हिसार लोकसभा क्षेत्र के लोगों के लिए है। भिवानी जिले का बवानीखेड़ा क्षेत्र हिसार लोकसभा क्षेत्र में आता है।
ऐसे में बवानीखेड़ा क्षेत्र के तहत आने वाले गांवों के बाशिंदे भी इस प्रतियोगिता में शामिल हो सकते है। प्रतियोगिता में स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी का कोई भी विद्यार्थी, स्टाफ, अभिभावक, उद्योग संगठन, गैर सरकारी संगठन, अकेला व्यक्ति या समूह हिस्सा ले सकता है।
सर्वश्रेष्ठ आइडिया को ढाई लाख रुपये का इनाम देने के अलावा द्वितीय स्थान पर रहने वाले आइडिया को डेढ़ लाख, तृतीय स्थान पर रहने वाले आइडिया को एक लाख रुपये इनाम मिलेगा। इसके अलावा पांच आइडिया प्रशस्ति पत्र के लिए चुने जाएंगे। यह प्रतियोगिता जिला प्रशासन हिसा की ओर से करवाई जा रही है।