गीतांजलि मर्डर केस में सीजेएम रवनीत गर्ग गिरफ्तार
- फोटो : फाइल फोटो
गुड़गांव के बहुचर्चित गीतांजलि हत्याकांड में गिरफ्तार गीतांजलि के पति और सीजेएम रवनीत गर्ग ने कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की है। बचाव पक्ष की ओर से सीबीआई कोर्ट में शुक्रवार को लगाई गई जमानत याचिका पर कोर्ट ने सीबीआई को नोटिस देकर 24 अक्टूबर तक जवाब देने को कहा है।
बहुचर्चित गीतांजलि हत्याकांड में सीबीआई ने तीन साल बाद आठ सितंबर 2016 को गीतांजलि की हत्या के आरोप में कैथल के सीजेएम एवं गीतांजलि के पति रवनीत गर्ग को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने रवनीत गर्ग को पांच दिन के बाद पुलिस रिमांड पर भेज दिया था। उसके बाद से रवनीत गर्ग अभी जेल में है।
सीबीआई ने मामले में सच्चाई का पता लगाने और सिविल जज सीनियर डिवीजन रवनीत गर्ग की ब्रेन मैपिंग टेस्ट में विसंगतियों का आरोप लगाते हुए रवनीत गर्ग को गिरफ्तार किया था। इस मामले में रवनीत गर्ग और उनके परिवार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया था। इसमें सीजेएम की रिवॉल्वर की गोलियां, जिनसे गीतांजलि की मौत हुई के बिल भी रवनीत गर्ग की ओर से पेश नहीं किए जा सके थे।