साहब, हम आगे पढ़ना चाहती हैं। कॉलेज जाकर अपने सपने पूरे करना चाहती हैं, प्लीज घग्गर नदी पर पुल बनवा दीजिए। ये निवेदन हरियाणा के सिरसा की बेटियों ने किया है।
प्रधानमंत्री के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के नारे का हवाला देते हुए सिरसा जिले के गांव बुढ़ाभाणा की एक छात्रा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को चिट्ठी लिखकर गांव में घग्घर नदी के तटबंध पर पुल बनाने की मांग की है।
छात्रा का कहना है गांव और सिरसा का फासला अधिक होने के चलते 20 गांवों की छात्राओं का उच्च शिक्षा का सपना अधूरा ही रह जाता है। सिरसा के एक कॉलेज की स्नातक की गांव बुढ़ाभाणा निवासी छात्रा रेखा रानी ने चिट्ठी में लिखा कि उसका गांव तट पर बसा है।
घग्घर नदी के जरिए शहर की दूरी 10 किलोमीटर है जबकि दूसरे रास्ते से दूरी 22 किलोमीटर है। बस सुविधा है नहीं। 70 बरस से गांव के लोग नाव के जरिए नदी पार करते हैं या फिर नदी पर गांव के नौजवानों की ओर से बनाए गए डेढ़ फुट चौड़े जुगाडू और खतरनाक पुल के जरिए आते जाते हैं।