लल्लन की बेटी के थाने पहुंचने की खबर जैसे ही आरोपी युवक की मां को मिली तो वह आसपास के लोगों के साथ एमडीसी थाने पहुंच गई और उसने कहा कि वह तो पहले ही कह रही थी कि उसके बेटे ने किसी लड़की का कत्ल नहीं किया है। क्योंकि जो प्यार करता है वो मार नहीं सकता।
उसने आरोप लगाया कि लल्लन ने सोची समझी साजिश के तहत मेरे बेटे को फंसाने की साजिश रची। लेकिन उसकी अपनी ही बेटी ने इसका पर्दाफाश कर दिया। आरोपी युवक की मां ने पंचकूला पुलिस और लल्लन से पूछा कि बेटी तो मिल गई अब मेरा बेटा भी मुझे लौटा दो, उसका कुछ अता पता नहीं है।
पंचकूला पुलिस के लिए बनी आफत
लल्लन प्रसाद यादव ने 23 मार्च को चंडीगढ़ पुलिस को बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। बेटी के वापस आ जाने से लल्लन और चंडीगढ़ पुलिस को तो राहत मिल गई है कि लेकिन पंचकूला पुलिस की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। क्योंकि पंचकूला पुलिस द्वारा लल्लन के शिनाख्त करने पर अधजले शव को गुरप्रीत मानकर अंतिम संस्कार कर दिया गया था और माना जा रहा था कि शव की शिनाख्त तो हो गई और आरोपी भी जल्द पकड़ा जाएगा।
अब पंचकूला पुलिस के हाथ एक बार फिर से खाली हो गए हैं। क्योंकि न तो पुलिस अधजले शव के बारे में जानकारी है और न ही उसके हत्यारोपी का कोई सुराग है। कुल मिलाकर पंचकूला पुलिस को इस ब्लाइंड मर्डर को सुलझाने के लिए नए सिरे से तहकीकात शुरू करनी पड़ेगी।