चंडीगढ़। यूटी प्रशासन के पर्यटन विभाग ने विश्व संगीत दिवस के मौके पर सेक्टर-17 स्थित प्लाजा में एक म्यूजिक शो का आयोजन किया। इसमें मशहूर पंजाबी गायक व अभिनेता गिप्पी ग्रेवाल ने अपने गानों पर लोगों को झूमने के लिए मजबूर कर दिया। गिप्पी के साथ अभिनेत्री सोनम बाजवा, अभिनेता बिन्नू ढिल्लों व अन्य कई फिल्मी स्टार भी पहुंचे थे। म्यूजिक शो की शुरुआत गिप्पी ग्रेवाल के अंग्रेजी बीट गाने से हुई। इस गाने ने युवाओं में जोश भर दिया। गाने के बीच में ही कुछ लोग अपनी सीट से उठकर स्टेज के पास आकर डांस करने लगे। इसके बाद एक के बाद एक गिप्पी ने कई गानों की प्रस्तुति दी। इस दौरान गिप्पी ग्रेवाल ने अपनी आने वाली पंजाबी फिल्म के बारे में भी बताया। स्टेज पर फिल्म के सभी स्टार कास्ट मौजूद रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल की पत्नी पहुंची थीं। इसके अलावा पर्यटन विभाग की सचिव हरगुनजीत कौर, निदेशक समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। गिप्पी ग्रेवाल ने अपने कई पुराने पंजाबी गाने भी गाए। उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म के पूरे स्टारकास्ट के साथ मौजूद लोगों के बीच टी-शर्ट भी बांटी, जिसको लेने के लिए लोगों में होड़ मच गई। लोगों की बड़ी संख्या को देखते हुए गिप्पी ग्रेवाल और अन्य स्टार्स ने लोगों के पास जाकर उन्हें टीशर्ट दिए और उनके साथ फोटो खिंचवाई।
पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने बताया की प्लाजा में हर दूसरे और चौथे शनिवार व रविवार को कई अन्य कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाता है। यह वीकेंड टूरिज्म के तहत आयोजित होता है। शहर की विभिन्न प्रमुख मार्केट में भी कई सांस्कृतिक व सूफी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। बता दें कि पर्यटन विभाग ने आईटी पार्क स्थित होटल ललित में योग दिवस भी मनाया। इस दौरान पर्यटन विभाग के अधिकारियों व स्थानीय लोगों ने एक साथ योग किया।
सेक्टर-48 में मेयर अनूप गुप्ता ने किया योग
शहर के मेयर अनूप गुप्ता ने सेक्टर-48 के वेस्ट टू वंडर पार्क में योग किया। उनके साथ स्थानीय पार्षद राजिंदर शर्मा और कई लोगों ने भी योग किया। मेयर ने कहा कि रोजाना योग करने से कई बीमारियां दूर होती हैं। उन्होंने शहरवासियों से आह्वान किया कि सभी को अपनी रोजाना की दिनचर्या में योग को शामिल करना चाहिए।