चौदह मार्च को रिलीज होने वाली नई फिल्म ‘जट्ट जेम्स बॉन्ड’ में एक गरीब किसान के रूप में नजर आऊंगा। इसमें काफी एक्शन भी होगा। इसके ट्रेलर पहले मिस्टर परफेक्शनिस्ट के नाम से मशहूर आमिर खान को दिखाए गए।
उन्होंने इसे 25 बार देखा और कहा कि यह परफेक्ट है, इसमें एक भी गलती नहीं है। अब हम सोच रहे हैं कि फिल्म भी रिलीज करने से पहले आमिर खान को दिखाए। यह कहना है पंजाबी एक्टर और सिंगर गिप्पी ग्रेवाल का।
अंग्रेजी की जगह पहले देसी बीट गाना चाहते थे:
मेरा मशहूर गाना ‘अंग्रेजी बीट ते’ गाना दो घंटों में तैयार हो गया था। हालांकि वे इसे पहले अंग्रेजी बीट की जगह देसी बीट गाना चाहते थे।
गिप्पी ने बताया कि बहुत कम लोग जानते हैं कि अंग्रेजी बीट गाना कभी स्टूडियो में गाया ही नहीं गया। रैप सिंगर हनी सिंह को वे कनाडा में किसी कार्यक्रम में मिले थे और वहीं बैठे-बैठे इस गाने को बना डाला। उस समय गाने का सिर्फ डब वर्जन ही रिकार्ड हो पाया था।
इसके बाद वे काफी व्यस्त हो गए और काफी समय तक हनी सिंह इस गाने की फाइनल रिकॉर्डिंग के लिए उन्हें मनाते रहे। इस बीच हनी सिंह ने गाने को म्यूजिक कंपनी को दिखाया तो उन्हें यह पसंद आ गया और इसी तरह इस गाने को डब वर्जन में ही पेश किया गया।
पैसे उधार लेकर निकाली पहली एलबम :
गिप्पी ने संगीत से जुड़े अपने कैरियर के बारे में बताया कि पहली एलबम लॉन्च करने के लिए उन्होंने बहुत प्रयास किए। कई लोगों के पास गया लेकिन जब कहीं से भी कुछ नहीं हुआ तो खुद दोस्तों और रिश्तेदारों से पैसे उधार लेकर अपनी एलबम लॉन्च की। पहली एलबम के हिट होने के बाद फिर पीछे मुड़ कर नहीं देखा।
ताकि फैंस नाराज न हो :
गिप्पी की एक खासियत है कि जब भी वे गाते हैं तो फैंस से उनकी फरमाइश जरूर पूछते हैं, इस सवाल पर गिप्पी कहते हैं कि जब छोटा था तो चंडीगढ़ में गायकों के प्रोग्राम में उन्हें सुनने आता था।
फैंस की लाइन पर खडे़ होकर मैं भी अपनी फरमाइश रखता था लेकिन गायक अपने गाने गा कर चले जाते थे। इस पर बहुत ही बुरा लगता था। जब खुद गायक बन गया हूं तो नहीं चाहता कि फैंस नाराज हो।
हिंदी फिल्म बनाने का विचार :
आने वाले समय में एक हिंदी फिल्म बनाने की सोच रहा हूं जिसमें ‘कैरी ऑन जट्टा’ की टीम होगी। उन्होंने कहा कि फिल्मों में बहुत ज्यादा व्यस्त हूं लेकिन बीच-बीच में इसके लिए समय निकाल लेता हूं ताकि फैंस को मेरी कमी न खले। गाने में गायकी को हमेशा तरजीह देता हूं और इसके बारे में सोचता हूं। आजकल जो नया गाना ‘शटअप’ आया है, वो भी अपनी गायकी को जिंदा रखने के लिए गाया है।