सफाई मुलाजिमों की हड़ताल से शहर में फैली गंदगी को हटाने के लिए प्रशासन ने वीरवार को दोबारा प्रयास किया। कड़ी सुरक्षा में फेज-11 में कूड़े की ट्रॉलियां उठाई भी गईं। लेकिन, जैसे ही हड़ताली मुलाजिमों को इसकी खबर मिली। मुलाजिमों ने तुरंत वहां पहुंचकर काम रुकवा दिया। साथ ही प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर निगम कमिश्नर उमा शंकर गुप्ता, एसडीएम लखमीर सिंह व एसपी सिटी स्वर्णदीप पहुंचे गए।
उन्होंने मुलाजिमों को शांत करने की कोशिश की। लेकिन, जब कोई सहमति नहीं बनी तो अफसर सफाई मजदूर फेडरेशन के नेताओं को डीसी ऑफिस मीटिंग के लिए बुला ले गए।
वीरवार दोपहर पौने बारह बजे के करीब प्रशासन ने पुलिस फोर्स, फायर ब्रिगेड व अन्य इंतजाम इंतजाम साथ लेकर फेज-11 सफाई शुरू करवाई। दो जेसीबी लगाकर कूड़े को हटाने में लगी थीं। इस बीच कूड़ा उठाने की भनक फेज-9 में इकट्ठे हुए हड़ताली मुलाजिमों को लग गई। इसके बाद मुलाजिम गाड़ियों में भरकर सीधे फेज-11 पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। बाद में अधिकारियों ने मुलाजिमों के एक डेलीगेशन से डीसी से मुलाकात करवाई गई। लेकिन इसमें भी मुलाजिम नेता अपनी बातों पर अड़े रहे। मीटिंग में मुलाजिम नेताओं ने जल्दी ही हड़ताल खत्म करने के लिए संकेत दिए हैं। हालांकि, प्रशासन के अधिकारी उम्मीद जता रहे है कि जल्दी ही मामला हल हो जाएगा।