चंडीगढ़। ‘हैलो, हैलो.. कंट्रोल रूम, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और संपत नेहरा के गुर्गे एसएसपी कुलदीप सिंह चहल को मारने के लिए कजहेड़ी के होटल में साजिश रच रहे हैं।’ पुलिस कंट्रोल रूमें जैसे ही यह कॉल आई, हड़कंप मच गया। आनन-फानन में यूटी पुलिस कजहेड़ी पहुंची और होटल को चारों ओर से घेरकर छापा मारा, लेकिन पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने कॉल करने वाले को फोन किया तो उसका नंबर बंद मिला। बाद में पुलिस ने अब इसे झूठी सूचना बताया है।
मामला सोमवार देर शाम करीब पौने सात बजे का है। फोन करने वाले ने खुद को गैंगस्टर संपत नेहरा का वकील बताते हुए कहा कि लॉरेंस बिश्नोई व संपत नेहरा एसएसपी कुलदीप सिंह चहल को मारने की साजिश रच रहे हैं। इसके लिए उन्होंने शूटर भी भेज दिया है, जो कजहेड़ी के एक होटल में ठहरा हुआ है और एसएसपी को मारने की योजना बना रहा है।
सूचना पर क्राइम ब्रांच, ऑपरेशन सेल समेत सेक्टर-36 थाना पुलिस में हड़कंप मच गया और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई और होटल को घेरकर सभी कमरों की अच्छी तरह से तलाशी ली गई। दूसरी तरफ एक टीम ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों और रजिस्टर की एंट्री की भी जांच की। पुलिस का कहना है कि होटल से ऐसा कुछ संदिग्ध नहीं मिला, जिससे गैंगस्टरों के गुर्गों के छिपे होने की बात सामने आ सके।
बॉक्स
कॉल करने वाले की हुई पहचान, दर्ज हैं आपराधिक मामले
कजहेड़ी के होटल में बदमाशों के नहीं मिलने पर पुलिस ने कंट्रोल रूम पर आए नंबर पर फोन लगाया, लेकिन मोबाइल नंबर बंद था। इसके बाद मोबाइल नंबर की डिटेल निकलवाई गई। सामने आया कि कॉल चंडीगढ़ से किया गया था। कॉल करने वाले शख्स पर पहले भी अपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि कॉलर मानसिक तनाव से जूझ रहा है। हालांकि पुलिस कॉलर का नाम बताने से बच रही है। पुलिस मामले में उसकी गिरफ्तारी भी डाल सकती है।
बॉक्स
तीन सप्ताह पहले फेसबुक पर मिली थी एसएसपी को धमकी
फेसबुक पर मनी शूटर के नाम से चल रही आईडी से बीते 28 मार्च को एसएसपी कुलदीप सिंह चहल को धमकी दी गई थी। एसएसपी की फोटो साझा करते हुए लिखा गया था कि चंडीगढ़ पुलिस लॉरेंस बिश्नोई को प्रोडक्शन वारंट पर लाना चाह रही है। पेशी पर लाने के दौरान लॉरेंस बिश्नोई को कुछ हुआ तो अंजाम बुरा होगा। हालांकि धमकी के अगले ही दिन पोस्ट को हटा लिया गया था। सेक्टर-39 थाने में गैंगस्टरों के खिलाफ दर्ज हुए ओपन एफआईआर में इस केस को जोड़ दिया गया है।
बॉक्स
लॉरेंस को प्रॉडक्शन वारंट पर लाने वाली है पुलिस
मई 2020 में शराब कारोबारी अरविंद सिंगला के भाई के घर गोलियां बरसाने समेत फिरौती के दो केसों में गैंगस्टर लॉरेस बिश्नोई का नाम सामने आया था। पूछताछ के लिए पुलिस ने उसका प्रोडक्शन रिमांड मांगा था। इससे बचने के लिए लॉरेंस ने अदालत की शरण ले ली थी। आशंका जताई थी कि चंडीगढ़ पुलिस उसका एनकाउंटर कर सकती है। इसके बाद लॉरेंस को प्रोडक्शन वारंट पर लाने का मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। इसके चलते यह धमकी दी गई थी।