चंडीगढ़। जिला अपराध प्रकोष्ठ ने गैंगस्टर दीपक उर्फ टीनू गैंग के सक्रिय गुर्गे को रिमांड खत्म होने के बाद सोमवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी ने कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस इस मामले की जांच जुटी हुई है। पुलिस ने आरोपी सेक्टर-26 बापूधाम कॉलोनी निवासी मोहित भारद्वाज (32) को गुप्त सूचना के आधार पर शास्त्री नगर लाइट प्वाइंट के पास से विदेशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था।
बॉक्स
टीनू के कहने पर मोहित करता था काम
आरोपी मोहित ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह टीनू के कहने पर काम करता था। बता दें कि टीनू सिद्धू मुसेवाला की हत्या करने की साजिश में शामिल था। क्राइम ब्रांच प्रभारी प्रीतपाल की कस्टडी से इसी माह टीनू फरार हो गया था। टीनू के कहने पर मोहित ने प्रीतपाल को चंडीगढ़ के क्लबों में घुमाया और खरीदारी भी करवाई थी। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी टीनू इस समय दिल्ली स्पेशल सेल की हिरासत में है। दीपक टीनू इसी माह मानसा पुलिस हिरासत से फरार हो गया था। मानसा पुलिस उसे सिद्धू मुसेवाला हत्याकांड में पूछताछ के लिए लेकर आई थी। स्पेशल सेल ने 19 अक्तूबर को दीपक टीनू को अजमेर से गिरफ्तार कर लिया था।