गैंगस्टर कुलवंत सिंह उर्फ गोपा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गोपा को दो साथियों के साथ दबोचा। काउंटर इंटेलिजेंस विंग जालंधर व होशियारपुर की पुलिस ने संयुक्त तौर पर कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर गोपा नवांशहरिया व उसके दो सहयोगियों अनमोल दत्ता व राहुल को अवैध हथियार और नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया है।
एआईजी काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर एचपीएस खख ने बताया कि, गुप्त सूचना मिली थी कि कुलवंत सिंह गोपा के साथ उसके अन्य दो सहयोगी काले रंग के मोटरसाइकिल पर आ रहे हैं। काउंटर इंटेलिजेंस विंग और पुलिस स्टेशन सदर होशियारपुर की संयुक्त टीम इन गैंगस्टर को गिरफ्तार करने के लिए गठित की गई।
संयुक्त पुलिस दल ने चंडीगढ़-होशियारपुर रोड पर टी-प्वाइंट बूथगढ़ में नाका लगाकर काले मोटरसाइकिल पर सवार तीन लड़कों को रोका। तीनों ने नाके से भागने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान कुलवंत सिंह गोपा, अनमोल दत्ता प्रिंस व राहुल के रूप में हुई है। इनके पास से कारतूस के साथ एक अवैध पिस्तौल व 49 ग्राम नशीला पाउडर बरामद किया गया। जांच के दौरान पता चला कि कुलवंत सिंह उर्फ गोपा पहले से ही चोरी के 5-6 मामले, हत्या का प्रयास व अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त है।