चंडीगढ़। पिस्तौल और तीन कारतूस के साथ गिरफ्तार गैंगस्टर दीपू बनूड़ के सगे भाई विपिन कुमार उर्फ करण की जमानत याचिका को जिला अदालत ने खारिज कर दिया। मामला 4 फरवरी 2020 का है। सेक्टर-31 थाना पुलिस रामदरबार में गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस को किसी सूचना मिली कि गैंगस्टर दीपू का सगा भाई व शूटर संपत नेहरा का साथी मोहाली में जमानत पर फरार हैं और रेलवे पुल नजदीक अरुंता गैस एजेंसी के पास असलहे के साथ अपने कुछ साथियों से मिलने आ रहा है। सूचना पाकर पुलिस रात करीब साढ़े 9 बजे मौके पर पहुंची। इसी बीच इंडस्ट्रियल एरिया फेज 2 की तरफ से विपिन कुमार आता दिखाई दिया। मुखबिर ने इशारा करके पुलिस को बताया कि विपिन के पास असलहा है। यह बताकर व्यक्ति बिना नाम और पता बताए वहां से चला गया। इस दौरान पुलिस ने उस व्यक्ति की मदद से आरोपी विपिन को दबोच लिया और उसकी तलाशी ली। तलाशी लेने पर उसकी जींस से एक पिस्तौल के साथ तीन कारतूस बरामद हुए। पिस्तौल पर मेड इन कोरिया लिखा हुआ था। पूछने पर आरोपी विपिन न तो लाइसेंस पेश कर पाया और न ही पिस्तौल रखने का कोई जवाब दे सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी विपिन कुमार उर्फ करण के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 और 59 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था, जिसकी जमानत याचिका को जिला अदालत ने खारिज कर दिया।