चंडीगढ़। सिटी ब्यूटीफुल को जी20 की दो बैठकों की मेजबानी मिली है। इसकी तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। व्यवस्थाओं को देखने के लिए 27 व 28 दिसंबर को केंद्र सरकार की एक टीम ने चंडीगढ़ आना था, जो अब जनवरी के पहले हफ्ते में आएगी। टीम के सदस्य उन जगहों पर भी जाएंगे, जहां ये बैठकें होनी हैं और दौरे के बाद प्रशासन के अधिकारियों के साथ एक बैठक भी होगी।
तैयारियों को लेकर यूटी प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल ने कहा कि केंद्र सरकार की टीम ने अब तक दो बार चंडीगढ़ का दौरा कर किया है। टीम के सदस्य सुखना लेक, लेक क्लब, रॉक गार्डन समेत अन्य जगहों पर भी गए और तैयारियों को देखा। 27 व 28 दिसंबर को भी एक टीम ने आना था, जो 30 दिसंबर को आएगी और उसके बाद जनवरी के पहले हफ्ते में भी एक टीम पहुंचेगी।
सलाहकार धर्मपाल ने कहा कि इन बैठकों के दौरान 200 के करीब डेलिगेट्स चंडीगढ़ पहुंचेंगे। सभी के सामने चंडीगढ़ को सबसे सुंदर शहर के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। सलाहकार ने बताया कि जी20 की बैठकों के सफल आयोजन के लिए प्रशासन की तरफ से सभी विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बीते दिनों प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने भी एक समीक्षा बैठक की, जिसमें प्रशासन की तरफ से की जा रही तैयारियों के बारे में प्रशासक को जानकारी दी गई। विभिन्न देशों के जो डेलिगेट्स चंडीगढ़ पहुंचेंगे, उनका डिनर लेक क्लब में रखा गया है, जिसके लिए लेक क्लब का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। सभी लोग घूमने के लिए रॉक गार्डन भी जाएंगे। इसके लिए रॉक गार्डन में साफ-सफाई और मरम्मत का कार्य चल रहा है।
जनवरी और मार्च में होगी बैठकें
चंडीगढ़ में जी20 की दो बैठकें होंगी। पहली बैठक 30 और 31 जनवरी को इंटरनेशनल फाइनेंशियल आर्किटेक्चर की होगी, जबकि दूसरी बैठक 9, 10 और 11 मार्च को एग्रीकल्चर वर्किंग ग्रुप की होगी। इनमें अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, यूरोपियन यूनियन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, कोरिया गणराज्य, तुर्की, यूनाइटेड किंगडम और संयुक्त राज्य अमेरिका के डेलिगेट्स शामिल होंगे।