चंडीगढ़। ट्राइसिटी के लोगों के लिए अच्छी खबर है। चंडीगढ़ समेत मोहाली, पंचकूला, जीरकपुर, खरड़ और डेराबस्सी में 5जी इंटरनेट की शुरुआत हो गई है। वीरवार से लोगों को हाई स्पीड इंटरनेट का एहसास होने लगेगा। वर्तमान में जियो के यूजर्स को इस सुविधा का लाभ मिलेगा, लेकिन अन्य कंपनियां भी जल्द शुरू करने की योजना बना रही हैं।
एक रिपोर्ट के मुताबिक 5जी नेटवर्क आने के बाद अभी मौजूदा 4जी से कम से कम 10 से 20 गुना तेज इंटरनेट स्पीड मिलेगी लेकिन तेज स्पीड सिर्फ उन्हीं लोगों को मिलेगी, जिनके फोन भी 5जी होंगे। बताया गया है कि जिन लोगों के पास 5जी फोन हैं, वीरवार से उन्हें 5जी की स्पीड मिलने लगेगी। हालांकि उन्हें अपने 4जी नेटवर्क को 5जी में बदलना होगा। इसके लिए एक प्रक्रिया तय की गई है। फिलहाल 5जी नेटवर्क से जुड़े शहरों के जियो यूजर्स को वेलकम ऑफर के तहत आमंत्रित किया जाएगा। वीरवार से उनके मोबाइल पर एक मैसेज आएगा, जिसमें वर्तमान के 4जी नेटवर्क को 5जी नेटवर्क में बदलने की प्रक्रिया की जानकारी होगी। जानकारी के अनुसार वर्तमान में यूजर्स को बिना किसी अतिरिक्त लागत के एक जीबीपीएस तक की स्पीड और अनलिमिटेड डाटा मिलेगा।
5जी के लिए सिम अपग्रेड करने की जरूरत नहीं होगी
5जी का इस्तेमाल करने के लिए आपको सिम अपग्रेड की जरूरत नहीं होगी। आप पुराने सिम के साथ ही इस सर्विस का इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, इसके लिए आपके पास 5जी एलिजिबल हैंडसेट का होना जरूरी है। जियो ने फिलहाल 5जी के लिए कोई प्रीपेड प्लान पेश नहीं किया है। अभी पुराने 4जी प्लान के साथ ही इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। कंपनी अभी यूजर्स को अनलिमिटेड डेटा और वॉयस कॉलिंग जियो वेलकम ऑफर के साथ दे रही है।