जीरकपुर। बलटाना की फर्नीचर मार्केट एक बार फिर चर्चा में है। योग विहार सोसाइटी की तरफ जाने वाली सड़क पर बनी फर्नीचर की दुकानों पर शाम के समय खुले में स्प्रे पॉलिश होने से आसपास के लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्प्रे पंप से की जाने वाली पॉलिश हवा में मिलकर दूर तक फैल जाती है। इससे सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और सिरदर्द जैसी समस्याएं होने लगती हैं।
स्थानीय निवासी सुभाष सिंह, मुकेश कुमार, दिनेश शर्मा, तरुण का कहना है कि पहले भी शिकायत के बाद प्रशासन ने इस पर रोक लगाई थी, लेकिन कुछ समय से यह सिलसिला फिर शुरू हो गया है। शाम होते ही दुकानदार सड़क पर फर्नीचर रखकर स्प्रे पॉलिश करते हैं, इससे आसपास की एकता विहार, गोविंद विहार, गोल्डन स्टेट और योग विहार सोसाइटियों के लोगों का घरों तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है। कई लोग मास्क या रुमाल बांधकर गुजरने को मजबूर हैं। इसी तरह बलटाना चौकी के पास गांव की ओर जाने वाली सड़क पर भी दुकानों में सुबह और शाम खुले में पॉलिश की जाती है, जिससे आस-पास की कॉलोनियों के लोग प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि लोग चैन की सांस ले सकें।
फर्नीचर पर खुले में स्प्रे पॉलिश करना नियमों के विरुद्ध है। जैसे ही शिकायत प्राप्त होती है, विभाग तत्काल कार्रवाई करेगा। : अतुल कुमार, एसडीओ, प्रदूषण विभाग