चंडीगढ़। शहर में शिक्षक बनने की चाह रखने वाले युवाओं के लिए खुशखबरी है। शिक्षा विभाग शहर के विभिन्न सरकारी स्कूलों में 90 पदों पर शिक्षकों की भर्ती कर रहा है। भर्ती प्रक्रिया के लिए आवेदन सोमवार से शुरू हो रहे हैं। विभाग में शिक्षकों की यह भर्ती समग्र शिक्षा अभियान के तहत ट्रेंड ग्रजुएट टीचर्स (टीजीटी) कैडर की जा रही है। सरकारी स्कूलों में शिक्षक भर्ती को लेकर लंबे समय से मांग की जा रही है। शिक्षकों की कमी के चलते ही इस बार ग्यारहवीं के दाखिले में शिक्षा विभाग की ओर से मांग के बावजूद सीटों की संख्या नहीं बढ़ाई गई थी।
शिक्षा विभाग की ओर से निकाली गई भर्ती में टीजीटी अंग्रेजी के 17, गणित के 17, हिंदी के 3, पंजाबी के 2, विज्ञान नॉन मेडिकल के 31, विज्ञान मेडिकल के चार और सोशल स्टडीज के 16 पदों पर शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए उम्मीदवार सोमवार से लेकर तीन अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की फीस ऑनलाइन छह अक्तूबर दोपहर दो बजे तक जमा करवा सकते हैं। सरकारी स्कूलों में 14 सौ से ज्यादा शिक्षकों की कमी है। शिक्षा विभाग को 200 से ज्यादा पदों पर समग्र शिक्षा अभियान के तहत शिक्षक भर्ती की मंजूरी गृह मंत्रालय से मिली है। पहले चरण में 90 पदों पर टीजीटी पदों को भर्ती की जा रही है। इसके बाद अन्य चरणों में जेबीटी व अन्य पदों पर भर्ती की जाएगी।
लिखित परीक्षा के आधार पर बनेगी मेरिट
शिक्षक भर्ती के लिए लिखित परीक्षा को आयोजित करवाने की जिम्मेदारी नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेकिभनकल टीचर्स ट्रेनिंग एंड रिसर्च (निट्टर)-26 को दी गई है। टीजीटी पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता में बीए/बीएससी नॉन मेडिकल, बीएड के साथ सीटेट-2 उत्तीर्ण होना शामिल है। भर्ती के लिए लिखित परीक्षा के आधार पर ही मेरिट तैयार कर नियुक्ति की जाएगी।