24 जनवरी को फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की जांच बुधवार को की गई। फ्रांस के अधिकारियों ने बुधवार को रॉक गार्डन का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
उनके साथ चंडीगढ़ के डीआईजी एएस चीमा, एसएसपी सुखचैन सिंह गिल, एसएसपी सिक्योरिटी मनीष चौधरी मौजूद थे। इसके अलावा वहां भारी संख्या में पलिस बल तैनात किया गया था। इस दौरान रॉक गार्डन के प्रवेश द्वार पर लगे मेटल डिटेक्टर की जांच की गई।
अफसरों ने रॉक गार्डन के तीनों फेस का दौरा किया। इस दौरान रॉक गार्डन के तीनों फेज के बारे में फ्रांसीसी अधिकारियों के जानकारी हासिल की।
सूत्रों की मानें तो फ्रांस के राष्ट्रपति नेकचंद द्वारा राक गार्डन में वेस्ट मैटीरियल से तैयार वस्तुओं की जानकारी हासिल कर सकते हैं। इस दौरान रॉक गार्डन के रूट को भी जांचा गया। फेज-3 तक पहुचंने वाले सभी गेटों का निरीक्षण फ्रांसिसी अधिकारियों की ओर से किया गया।
एक घंटे की गहन जांच के बाद यहां से सभी लोग गए। सेक्टर 17 में ताज होटल के सामने भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर एसपीजी की टीम वीरवार को शहर पहुंचेगी। एसपीजी द्वारा शहर के रॉक गार्डन, रोज गार्डन, इंटरनेशनल एयरपोर्ट, होटल ताज सहित सभी जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था को जांचा जाएगा।
दिन भर चलती रही रॉक गार्डन में सफाई
फ्रांस के राष्ट्रपति के दौरे को लेकर रॉक गार्डन मे दिनभर सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान रॉक गार्डन से पूर्व की ओर की सड़क की साफ सफाई की गई। इस दौरान यहां पर रास्तों की रिकार्पेटिंग की गई। रास्तों की रिकार्पेटिंग के साथ सड़क पर पेंटिंग का काम भी पूरा किया गया। इस दौरान रॉक गार्डन से जुडे़ एरिया की सफाई की गई। वहीं कैपिटल कॉम्प्लेक्स को भी संवारा गया है।
एयरफोर्स करवाएगी फ्रांसीसी राष्ट्रपति के विमान की लैंडिंग
फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांदे के निजी विमान की लैंडिंग 12वीं एयरफोर्स विंग करवाएगी। इसके लिए तैयारी पूरी की जा रही है। एयरफोर्स फ्रांस के राष्ट्रपति के निजी विमान को उतारने के लिए तैयारी पूरी कर चुकी है। विमान को उतारने के लिए दिल्ली में बैठक की गई थी। एयरफोर्स की ओर से दिल्ली एयरपोर्ट से सीढ़ियां, लैंडिंग कंटेनर मंगाए गए हैं। साथ ही अन्य प्रशिक्षित स्टाफ को तैनात किया गया है। वहीं फ्रांस के राष्ट्रपति जिन गाड़ियों से शहर का दौरा करेंगे वह भी जल्द ही पहुंचा दी जाएंगी।